चतरा। होली व शब-ए-बरात का त्योहार एक साथ होने की वजह से दोनों पर्व को शांति और सौहार्द के बीच संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। पर्व के दौरान विधि व्यवस्था में खलल न हो, इसके लिए जिले के सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्त की जा रही है। इस संबंध में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक का संयुक्त आदेश शनिवार को जारी होगा। आदेश के बाद दंडाधिकारियों व सुरक्षाकर्मी प्रतिनियुक्त कर दिए जाएंगे। सभी की प्रतिनियुक्ति सोमवार रात तक रहेगी। दोनो अधिकारी दोनों त्योहारों को शांति एवं सौहार्द वातावरण में संपन्न कराने के तैयारी में लगे हैं। शुक्रवार को अनुमंडल स्तर पर विधि व्यवस्था को लेकर बैठक हुई। जिसमें होलिका दहन और शब-ए-बारात पर्व एक साथ होने के कारण विशेष सतर्कता पर जोर दिया गया।