टंडवा(चतरा)। आपातकाल में जेल गए आंदोलनकारियों को शुक्रवार को टंडवा प्रखंड के सांसद प्रतिनिधि ईश्वर दयाल पांडेय ने सम्मानित किया। विदित हो कि 26 जून 1975 को कांग्रेस की सरकार ने आपातकाल की घोषणा की तो, पूरे देश में आन्दोलन किया गया था। आंदोलन में लगभग 36000 लोग जेल गए, जिसमें झारखंड एकीकृत बिहार से 2370 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पूर्व में जब चतरा जिला हजारीबाग जिला में विलय था उस समय चतरा जिले के टंडवा प्रखंड से पांच आंदोलनकारियों ने झण्डा चैंक हजारीबाग में अपनी गिरफ्तारी दी थी। लगभग दो वर्ष तक जेलों में बंद रहे महेश भारतीय, युगल किशोर बैठा, प्रदीप पांडेय, सन्त कुमार पाण्डेय, सदानंद पाण्डेय 1977 के आम चुनाव में कांग्रेस की सरकार का सफाया होने के पश्चात रिहा होकर घर लौटे थे। आन्दोलन कारियों का नेतृत्व स्व. महेश भारतीय ने किया था। उपरोक्त लोगों को सांसद प्रतिनिधि श्री पांडेय के नेतृत्व में बीजेपी मंडल अध्यक्ष गोविन्द तिवारी के द्वारा सभी को सम्मानीत किया गया। मौके पर सुमन भारतीय, शिक्षक जय प्रकाश रजक, धनंजय कुमार पांडेय, मुकेश आनंद, राजू रजक व अन्य उपस्थित थे।