गुमला जिला में भगवान बिरसा मुण्डा की 121 वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
बिरसा मुण्डा ऐग्रो पार्क में स्थित बिरसा मुण्डा की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया
: भगवान बिरसा मुण्डा का अदम्य साहस, समर्पण एवं बलिदान से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए- पुलिस अधीक्षक
बसंत कुमार गुप्ता
गुमला: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के 121 वें पुण्यतिथि के अवसर पर बिरसा मुंडा एग्रो पार्क गुमला स्थित भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक हृदीप पी.जनार्दनन, वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रीकांत, उप विकास आयुक्त संजय बिहारी अंबष्ठ, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा ने कहा कि आज जहां एक ओर पूरा देश वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर बिरसा मुण्डा की पुण्यतिथि पर हम उन्हें याद कर रहे हैं। उन्होंने भगवान बिरसा मुण्डा को स्मरण करते हुए कहा कि भारतीय इतिहास में बिरसा मुण्डा एक ऐसे जननायक थे जिन्होंने झारखंड में अपने क्रांतिकारी चिंतन से आदिवासी समाज की दशा और दिशा बदलकर नवीन सामाजिक तथा राजनीतिक युग का सूत्रपात किया। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की बलि दी थी। उन्होंने आगे कहा कि झारखंड के नवनिर्माण में भगवान बिरसा मुण्डा हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। भगवान बिरसा मुण्डा के आदर्शों पर चलकर ही झारखंड की सभ्यता एवं संस्कृति की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा के आदर्श हमारे जीवन के लिए प्रेरणादायक हैं।
मौके पर पुलिस अधीक्षक हृदीप पी.जनार्दनन ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा का अदम्य साहस, समर्पण एवं बलिदान से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए तथा समाज के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। इसके साथ ही उनहोंने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा का जीवन प्रेरणास्रोत है जिस प्रकार उन्होंने अपने अदम्य साहस के बल पर अंग्रेजों से लोहा लिया था। उन्होंने झारखंड में न सिर्फ आजादी की लड़ाई लड़ी किंतु आदिवासी समाज की दशा-दिशा बदलने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भगवान बिरसा मुण्डा की 121 वीं पुण्यतिथि पर उपायुक्त सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने धरती आबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस दौरान पार्क में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए लोगों ने भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा पर फूल चढ़ाए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
उपस्थिति
भगवान बिरसा मुण्डा की पुण्यतिथि के अवसर पर उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक हृदीप पी.जनार्दनन, वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रीकांत, उप विकास आयुक्त संजय बिहारी अंबष्ठ, परियोजना निदेशक आईटीडीए इंदु गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, जिला नजारत उप समाहर्त्ता सिद्धार्थ शंकर चौधरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी देवेंद्रनाथ भादुड़ी, जिला पशुपालन पदाधिकारी मीनू शरण, जिला योजना पदाधिकारी विभूति नारायण सिंह, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता सुषमा नीलम सोरेंग, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मोनिका रानी टूटी व अन्य उपस्थित थे।
इधर कांग्रेस पार्टी गुमला जिला के वरीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी,सरना समिति गुमला जिला के अध्यक्ष और पूर्व जिला परिषद के सदस्य हंदू भगत, मजदूर यूनियन संगठन गुमला जिला अध्यक्ष जुम्मन खान, सामाजिक कार्यकर्ता नेता तेजपाल राम पासवान, कांग्रेस पार्टी के सिसई विधानसभा युवा अध्यक्ष गंगा उरांव, मयूरी ट्रस्ट के सचिव चैताली सेनगुप्ता, समन्वयक बसंत कुमार गुप्ता सहित अन्य कईलोगों ने शहीद बिरसा मुंडा को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए लोगों को देश और समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की है।