– महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने बसंतराय एवं मेहरमा प्रखंड में चलाया जन जागरण अभियान
बसंतराय/ मेहरमा: कांग्रेस द्वारा महंगाई एवं केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ जन जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को बसंतराय एवं मेहरमा प्रखंड में जन जागरण अभियान चलाया गया। बसंतराय प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रदीप यादव एवं मेहरमा प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव मुख्य रूप से उपस्थित थे।
बसंतराय प्रखंड के ग्राम हिलावै में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जन जागरण अभियान चलाया गया। पोड़ैयाहाट के कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मंहगाई के विरोध में जागरूकता अभियान चलाया। मौके पर नुक्कड़ सभा का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोगों से मिलकर केंद्र की गलत नीतियों के कारण बढ़ी मंहगाई का विरोध करने का आह्वान किया।
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई चरम सीमा पर है। आम जनों का जीना मुहाल हो गया है। देश को उद्योगपतियों के द्वारा लूटा जा रहा है, जिसे बचाने की जिम्मेदारी हम सब पर आ पड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने यह फैसला लिया है कि घर-घर जाकर लोगों को देश में बढ़ रही बेरोजगारी,महंगाई पर आमजनो जागरूक किया जाय। मौके पर जिला कांग्रेस के पर्यवेक्षक फैयाज कैंसर, जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, आलमगीर आलम,चतुर्भुज साह, मुहम्मद हाशिम आदि उपस्थित थे।
मेहरमा प्रखंड में कांग्रेस की ओर से आयोजित जन जागरण अभियान के चौथे दिन प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र शेखर आजाद उर्फ नंदू राम के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव उपस्थित हुए। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस महासचिव अंजुलता, जिला सचिव सूचित यादव, एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष मुन्ना राजा, महागामा विधायक प्रतिनिधि बिपिन बिहारी सिंह, आत्मा पांडे, रंजन सिंह, अरूण सिंह, अफरोज आलम, अरविंद पासवान, मेहरमा प्रखंड के सभी पंचायत अध्यक्षों की उपस्थिति रही।
मुख्य वक्ता के रूप में जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव ने मोदी सरकार की जम कर आलोचना करते हुए कहा कि सात वर्षों में मोदी सरकार ने कांग्रेस के द्वारा बनाई गई 70 सालों के गुलदस्ते को तोड़-मरोड़कर कर रख दिया है। आपसी भाईचारा को खत्म कर दिया। पेट्रोल, डीजल, सरसों तेल, गैस सिलेंडर की बेतहाशा वृद्धि आम आदमी का खून चूस रही है। मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि जन जागरण अभियान को सफल बनाएं। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी जी को प्रधानमंत्री के रूप में देखें। कहा, जिस पार्टी ने आजादी दिलाई है, वही देश बचाएगा।