जिला कृषि कार्यालय/आत्मा परियोजना के तत्वावधान में जिला स्तरीय किसान मेला सह कृषि उत्पाद प्रदर्शनी सम्पन्न
गुमला : कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग तथा आत्मा परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में आज संयुक्त कृषि भवन परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला सह कृषि उत्पाद प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त संजय बिहारी अम्बष्ठ, अपर समाहत्र्ता सुधीर कुमार गुप्ता, जिला कृषि पदाधिकारी सत्यनारायण महतो एवं जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी देवेन्द्रनाथ भादुड़ी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
जागरूक हो किसान सरकार के द्वारा संचालित योजनाओं का उठाएं लाभ: उपायुक्त
किसानों को संबोधित करते हुए उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा ने कहा कि आज के दौर में किसानों को कृषि के क्षेत्र में परम्परा के साथ नई तकनीक का इस्तेमाल करना आवश्यक है। किसान खेती में प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर एक साथ कई प्रकार के फसलों का उत्पादन कर सकते है। कृषि विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण एवं दूसरे राज्यों का भ्रमण कर वहाँ अपनाई जाने वाली कृषि तकनीक की जानकारी देने के लिए व्यवस्था की गई है। उपायुक्त ने अपने संबोधन के दौरान कृषि विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा किसानों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने कहा कि सरकार के द्वारा मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना की शुरूआत की गई है। इस योजना के तहत् गुमला जिले के 29 हजार किसानों को ऋण माफी की सुविधा दी जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि जिले में संचालित विविध बैंक शाखाओं के माध्यम से फरवरी माह तक जिले के 25 हजार किसानों को केसीसी के तहत् कृषि ऋण स्वीकृत की गई है। उपायुक्त ने कहा कि कृषि उत्पाद की भंडारण एवं सुरक्षा के लिए जिले में कोल्ड स्टोर का निर्माण कराया जाएगा। भरनो, सिसई तथा घाघरा प्रखण्डों में कोल्ड रूम का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले खरीफ मौसम में किसानों द्वारा उत्पादित धान का सरकारी स्तर पर क्रय करने के लिए जिले में 55 हजार किसानों का निबंधन किया गया है। जिले के 16 धान अधिप्राप्ति केन्द्रों के माध्यम से धान का क्रय किया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि किसानों को खेती के साथ ही पशुपालन के अंतर्गत सूकर पालन, गव्य पालन, मत्स्य पालन के माध्यम से भी अपनी आय वृद्धि के लिए प्रयास करने की आवश्यकता है। सरकार तथा प्रशासन के द्वारा गव्य विकास मत्स्य विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित है। इन योजनाओं का लाभ किसानों को लेना चाहिए इसके लिए कृषि विभाग द्वारा पूरे जिले में जागरूकता रथ के माध्यम से योजनाओं के प्रचार-प्रसार के द्वारा किसानों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन किसानों के लिए चला रही है कई योजनाएं: उप विकास आयुक्त
किसान मेला सह प्रदर्शनी में उप विकास आयुक्त संजय बिहारी अम्बष्ट ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा भी किसानों के हित में कई प्रकार की योजना संचालित है। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना के अंतर्गत साल में 100 दिन रोजगार की गारंटी दी गई है। इसके अंतर्गत वर्षा जल संरक्षण के लिए बड़े पैमाने पर डोभा, तालाब, वाटर हार्वेस्टिंग टैंक का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत् गुमला जिले में 3 लाख 55 हजार फलदार पौधों का वृक्षारोपण किया जा रहा है। यह वृक्षारोपण का कार्य टांड़ जमीन में किया जा रहा है। जिससे किसानों के जमीन का समतलीकरण के साथ ही फलदार वृक्षारोपण के माध्यम से रोजगार का अवसर सृजित किया जा रहा है। उप विकास आयुक्त ने कृषि, पशुपालन, भू-संरक्षण, सहकारिता एवं उद्यान विभाग को आपसी समन्वय के साथ कृषि कल्याणार्थ संचालित योजनाओं के समेकित क्रियान्वयन से अन्नदाता किसानों को लाभान्वित करने की अपील की।
टाना भगतों से कृषि योजनाओं का लाभ लेने की अपील: अपर समाहत्र्ता
किसान मेला सह प्रदर्शनी को संबोधित करते हुए अपर समाहत्र्ता ने कहा कि किसानों को फसल और अनाज उत्पादन के साथ ही फल और फूल की खेती पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। जिला प्रशासन गुमला जिले में फूलों की खेती को प्रश्रय देने के लिए उद्यान विभाग के माध्यम से योजना संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि गुमला जिले के घाघरा, बिशुनपुर, चैनपुर, डुमरी प्रखण्डों में टाना भगत समुदाय की अच्छी आबादी है। टाना भगत विकास प्राधिकरण के माध्यम से सरकार एवं प्रशासन टाना भगतों के कल्याण एवं विकास के लिए कृत संकल्पित है। कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से टाना भगत समुदाय को जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गुमला जिले में धान अधिप्राप्ति के क्षेत्र में इस वित्तीय वर्ष में 55 हजार किसानों को निबंधित कर धान अधिप्राप्ति के माध्यम से लाभान्वि किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष मंे जिले के 67 हजार किसानों को केसीसी के लाभ से आच्छादित करने का लक्ष्य है।
समारोह में कृषि विज्ञान केन्द्र बिशुनपुर के कृषि वैज्ञानिक डाॅ0 संजय कुमार पाण्डेय ने किसानों को कृषि के आधुनिक तकनीक मिट्टी जाँच, उर्वरा शक्ति संवर्द्धन आदि विषयों की जानकारी दी। इससे पूर्व जिला कृषि पदाधिकारी सत्यनारायण महतो ने स्वागत भाषण करते हुए आमंत्रित अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। प्रदर्शनी के दौरान उत्कृष्ट कृषि उत्पाद के लिए एतवा उराँव, बिनोद साहु, सरिता देवी, केश्वर गोप, चुका उराँव, निर्मला देवी तथा शंकर लाल गुप्ता को कृषि यंत्र, पम्प सेट एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनी स्टाॅल का परिभ्रमण कर किसानों द्वारा उत्पादित अनाज, सब्जी, फल आदि का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में उपस्थिति: कार्यक्रम में उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त संजय बिहारी अम्बष्ठ, अपर समाहत्र्ता सुधीर कुमार गुप्ता, जिला कृषि पदाधिकारी सत्यनारायण महतो एवं जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी देवेन्द्रनाथ भादुड़ी, जिला मत्स्य पदाधिकारी दीपक कुमार सिंह, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी शिवपूजन राम, जिला उद्यान पदाधिकारी नरेश चैधरी, सहायक परियोजना निदेशक आत्मा मोहित सिंह, तकनीकि सहायक अजित कुमार, आत्मा कार्यालय के एटीएम/बीटीएक एवं बड़ी संख्या में किसान, मत्स्य पालक उपस्थित थे।