बोकारो से जय सिन्हा
बोकारो : बोकारो समाहरणालय सभागार में अपर समाहर्ता सादात अनवर ने गुरुवार को भारतमाला परियोजना के तहत राष्ट्रीय राज मार्ग 320 के शेष क्षेत्र में फोर लेन निर्माण को लेकर बैठक की। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो अनंत कुमार, अंचलाधिकारी पेटरवर, अंचलाधिकारी कसमार, अंचलाधिकारी जरीडीह, स्थानीय विधायक प्रतिनिधि, संबंधित पंचायतों के मुखिया आदि उपस्थित थे।
■ भारत माला परियोजना के तहत रामगढ़ से धनबाद तक फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया जाना है-
अपर समाहर्ता सादात अनवर ने उपस्थित लोगों को बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत रामगढ़ से धनबाद तक फोर लेन राष्ट्रीय राज मार्ग का निर्माण किया जाना है, जिसमें ओरमांझी से जैनामोड़ तक एनएच का फोर लेन नहीं है, टू लेन ही है। इसी छूटे हुए टू लेन को फोर लेन बनाया जाना है। कुल 60 किमी निर्माण होगा। जिसमें 23 किमी बोकारो जिले में राज मार्ग का निर्माण होगा। शेष रामगढ़ एवं रांची जिले में निर्माण होगा। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को तकनीकि पहलुओं से स्थानीय जन प्रतिनिधियों, मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि आदि को अवगत कराने को कहा। साथ ही इनसे सुझाव ले अगर जरूरी होगा तो उसे डीपीआर में शामिल किया जाएगा। उपस्थित अधिकारियों ने राज मार्ग निर्माण से संबंधित पूरे प्रेजेक्ट रिपोर्ट को प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया। कहां से कैसे सड़क का निर्माण होगा। कितनी भूमि की आवश्यकता होगी। इसके संबंध में विस्तार से चर्चा हुई।
इस क्रम में कई जनप्रतिनिधियों ने अपना सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखा। जिसे टीम द्वारा अंकित कर लिया गया। आगे उन सुझावों को जरूरत अनुसार समाहित करने की बात कही।