गोड्डा से अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कहा है कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर सभी क्षेत्र में विफल सिद्ध हुई है। इस सरकार के कार्यकाल में शासन व्यवस्था चरमराती जा रही है। आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी होती जा रही है। विकास का कार्य ठप पड़ा हुआ है। अपने 18 माह के शासनकाल में यह सरकार 18 किलोमीटर सड़क बनाने में भी विफल सिद्ध हुई है।
रविवार को यहां पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री प्रकाश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता देवतुल्य हैं। कोरोना महामारी के प्रथम एवं द्वितीय फेज में जिस प्रकार से गोड्डा जिला के कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर सभी परिवारों को सहायता एवं सहयोग करने का कार्य किया, वह काबिले तारीफ है। जहां एक ओर प्रदेश की सरकार और उसके मंत्री मौन धारण किए हुए थे, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के सांसद, विधायक एवं कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव, घर-घर जाकर हर तरफ से सहायता का कार्य कर रहे थे।
प्रदेश सरकार की नाकामी का जिक्र करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा 18 महीने की सरकार के द्वारा न 18 किलोमीटर सड़क का निर्माण हुआ, न 18 बिजली के खंभे लगाए गए और न 18 पेयजल कूप बनवाए गए और न हीं 18 तालाबों का जीर्णोद्धार किया गया।
प्रदेश में बहन बेटी की इज्जत सुरक्षित नहीं रही। 18 महीने की सरकार में 2700 बलात्कार के मामले सामने आए हैं। साहिबगंज की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के हंगामा करने के कारण रूपा तिर्की मामले की जांच सीबीआई के द्वारा होने जा रही है। यह लूट खसोट करनेवाली सरकार है। प्रदेश की सरकार मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।
सरकार के द्वारा विधानसभा परिसर में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए एक अलग से कमरा आवंटन करने का जिक्र करते हुए श्री प्रकाश ने सरकार की आलोचना की। भाजपा सरकार की चलाई गई योजनाएं चाहे वह आवास योजना हो या शौचालय योजना, चाहे जन धन योजना हो या आयुष्मान भारत योजना, सारी योजनाएं भाजपा सरकार की रही है। प्रदेश की सरकार सिर्फ लूटपाट करने में लगी हुई है।
श्री प्रकाश ने कार्यकर्ताओं का हौसला आफजाई करते हुए कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ताओं को मान सम्मान मिलता है। एक सामान्य कार्यकर्ता ऊंचे पदों पर पहुंच सकता है। एमएलए और एमपी का टिकट भी मिल सकता है। कोई भी सामान्य कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है, परंतु और सभी राजनीतिक दल में जैसे कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल आदि पार्टी में परिवारवाद है। परंतु भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता अपने कार्य के बल पर, मेहनत के बल पर कहीं भी पहुंच सकता है। सांसद सुनील सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा को झारखंड मुस्लिम मोर्चा बताया।
इस दौरान मंच पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा, गोड्डा विधायक अमित मंडल, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, महागामा के पूर्व विधायक अशोक भगत, प्रदेश मंत्री शर्मिला रजक, पूर्व मंत्री एवं गोड्डा जिला प्रभारी सत्यानंद झा बाटुल, भाजपा के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी यादव , पूर्व विधायक प्रशांत मंडल, पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश झा, कुंवर गोपाल सिंह, दिलीप सिंह, महिला जिला अध्यक्ष डॉली गुप्ता, सरिता दुबे, एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रबोध सोरेन, प्रदेश कार्यसमिति शैल झा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनीता सोरेन, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलमणि मुर्मू, पार्टी के जिला महामंत्री कृष्ण कन्हैया, उपाध्यक्ष जयप्रकाश यादव, उपाध्यक्ष अजय साह, लक्ष्मी चक्रवर्ती, जिला मीडिया प्रभारी बिमंत साह, सह मीडिया प्रभारी लाल बहादुर सिंह, राजेश भगत, सभी मंडल के अध्यक्ष और महामंत्री आदि मौजूद थे।
इसके पूर्व गोड्डा पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का पार्टी कार्यकर्ताओं ने काफी गर्मजोशी से स्वागत किया।