गोड्डा: शुक्रवार को संध्या ब्लॉक मैदान में कबड्डी खेल रहे बच्चों को जिला कबड्डी संघ के द्वारा प्रैक्टिस पैंट का वितरण किया गया। संघ की पहल पर जिला खेल पदाधिकारी ने खिलाड़ियों के बीच प्रैक्टिस पैंट बांटा।
ज्ञात हो कि एक दिन पूर्व ही जिला खेल पदाधिकारी एवं खेल संघ के पदाधिकारियों की नजर कबड्डी खेल रहे बच्चों पर पड़ी थी। खिलाड़ी जिन्स पहन कर कबड्डी खेल रहे थे। इस पर संज्ञान लेते हुए खिलाड़ियों को संघ के द्वारा पैंट मुहैया कराया गया।
मालूम हो कि अप्रैल माह में 14 वर्ष के बालक,बलिकाओं का राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होना है। जिसके लिए खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है। इस मौके कर जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि जिले में प्रतिभावान खिलाड़ियों को तराशा जाएगा। जो भी खिलाड़ी आगे बढ़ना चाहते हैं उनके लिए जिला संघ एवं जिला खेल कार्यालय उनकी मदद को हमेशा तैयार है। मौके पर जिला कबड्डी संघ सचिव शक्ति कुमार, कोषाध्यक्ष प्रियव्रत परमेश एवं प्रशिक्षक ऋशु आनंद मौजूद थे।