गोड्डा : कृषि विज्ञान केंद्र के तत्वावधान में पथरगामा प्रखंड के कस्तूरिया पंचायत में किसान गोष्ठी तथा स्वच्छ भारत अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कृषि प्रसार वैज्ञानिक डाॅ रितेश दुबे ने बताया कि महिलाएं घर के काम करने के साथ-साथ कृषि में भी अपना योगदान देती हैं। महिला किसानों को मिट्टी जांच कराने के लिए नमूना लेने की विस्तृत जानकारी दी गई। स्वच्छ भारत अभियान के तहत कोरोना वायरस से बचने के लिए नियमित साबुन से हाथ धुलने, मास्क, सेनेटाइजर का प्रयोग एवं बाजार में सामाजिक दूरी बनाकर खरीददारी करने के लिए प्रेरित किया।
सस्य वैज्ञानिक डाॅ अमितेश कुमार सिंह ने मूंग की खेती एवं हरी खाद के लिए ढैंचा की फसल लगाने की विस्तृत जानकारी दी। खर-पतवार नियंत्रण, रोग एवं कीट प्रबंधन पर चर्चा किया। उद्यान वैज्ञानिक डाॅ हेमन्त कुमार चौरसिया ने महिलाओं को पोषण सम्बन्धित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरी पत्तेदार सब्जियां प्रतिदिन वयस्क महिलाओं के लिए 100 ग्राम, वयस्क पुरुषों के लिए 40 ग्राम, स्कूल न जान वाले बालकों के लिए (4-6 वर्ष) 50 ग्राम और 10 वर्ष से अधिक उम्र वाले बालक-बालिकाओं के लिए 50 ग्राम प्रतिदिन आवश्यक है।हरी पत्तेदार सब्जियों में कैल्शियम, बीटा कैरोटिन एवं विटामिन सी काफी मात्रा में पाये जाते हैं। रोज खानेवाले भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन एनीमिया को रोकने में सहायक होता है एवं स्वास्थ के लिए लाभदायक भी होता है। कार्यक्रम के अन्त में सभी महिला किसानों को अमरूद का पौधा वितरित किया गया। ममता देवी, मीरा देवी, मकु सोरेन, मरांगमय टुडू, संझली मुर्मू, सुनीता हेम्ब्रम, ग्रेसी हेम्ब्रम, साईमन मरांडी,जोसेफ मरांडी समेत 104 महिला-पुरूष किसान कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।