खूंटी: खूंटी पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए दो अलग अलग थाना क्षेत्रों से 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एक मामला मारंगहादा थाना क्षेत्र के बुरुहातू का है जहां से पुलिस ने आज दो अफीम माफिया भाईयों को गीला अफीम के साथ गिरफ्तार किया है वहीं मुरहु थाना क्षेत्र से हत्या, डकैती और अवैध शराब के धंधे में संलिप्त तीन फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
मारंगहादा थाना क्षेत्र के बुरुहातू से लगभग 4 किलो अफीम के साथ दोनों भाई चमरा महतो और परिबा महतो को मारंगहादा पुलिस ने घर से धर दबोचा। वहीं मुरहु थाना क्षेत्र के अलग अलग इलाकों से हत्या, डकैती और अवैध शराब के धंधे में शामिल तीन फरार अपराधी टुनु उर्फ मुरली लोहरा, बुधराम सारूकद पूर्ति और पंडा पूर्ति को कल गिरफ्तार किया। तीनों फरार अपराधियों के अलग अलग कांड सितंबर 2008, फरवरी 2010 और जून 2012 में मुरहु थाना में दर्ज थे।
एसपी आशुतोष शेखर ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि अवैध अफीम तस्कर अफीम की खरीद बिक्री के लिए क्षेत्र में भ्रमणशील हैं। इसी सूचना के आधार पर एसडीपीओ अमित कुमार की अगुवाई में छापामारी दल का गठन किया गया और बुरुहातू गांव में छापामारी की गई। छापामारी के क्रम में एक अफीम तस्कर कुँवर पहान और एक व्यापारी भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने बुरुहातू में दोनों भाई के घर की तलाशी ली और दोनों भाइयों के घर से अलग अलग पॉलीथिन में रखा अवैध गीला अफीम बरामद किया।
छापामारी दल में एसडीपीओ अमित कुमार मरंगाहादा अंचल पुलिस निरीक्षक राजेश प्रसाद रजक, थाना प्रभारी पुअनि कामेश्वर कुमार, पुअनि राकेश कुमार मंडल, पुअनि भजन लाल महतो, कृष्णकांत मेहता एवं सशस्त्र बल शामिल थे। वहीं मुरहु थाना क्षेत्र में तीन अपराधी गिरफ्तारी मामले में थाना प्रभारी पुअनि विक्रांत कुमार, पुअनि चूड़ामणि टुडू, सअनि फिलिप कुजूर तथा सशस्त्र बल शामिल थे।