खूंटी: पूरे देश मे आज आजादी के 75 वी वर्षगांठ के अवसर पर अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर खूंटी के नगर भवन सभागार में राज्य की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने आजादी के अमृत महोत्सव की शुरुवात की।
मौके पर प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों की विवरणी के साथ लगाई गयी चित्र प्रदर्शनी का राज्यपाल ने फीता काटकर शुभारंभ किया। उसके पश्चात राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ में खूंटी के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री सह वर्त्तमान विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष सह पद्मभूषण सम्मानित कड़िया मुंडा, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
आजादी के अमृत महोत्सव में जिले के लोगों को संबोधित करते हुए राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि हमारे लिए आज गौरव का क्षण है कि हम आजादी के 75 वां अमृत महोत्सव के साक्षी बन रहे हैं। 75 सालों में देश ने प्रगति का लंबा सफर तय किया है। ग्रामीण इलाकों में भी सड़क पानी बिजली जैसी आधारभूत सुविधाएं पहुंचायी गयी हैं। जिन सुदूरवर्ती इलाकों में अब तक सड़क पानी बिजली नहीं पहुंची उन इलाकों में राज्यपाल ने उपायुक्त से सुविधाएं बहाल करने को कहा।
राज्यपाल ने कहा कि आजादी का 75 वां वर्ष तभी सफल होगा जब देश का प्रत्येक आम आदमी खुशहाल, शिक्षित और स्वास्थ्य होगा। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री का भी धन्यवाद किया और कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री ने वैज्ञानिकों का मनोबल बढ़ाया। साथ ही हमारे देश का कोविड वैक्सीन आज देश दुनिया मे पहुंचाया जा रहा है। आज हमारे लिए पावन अवसर है कि आजादी के 75 वें वर्षगांठ में हम संकल्प लें कि आजादी का यह 75 वर्षगांठ की तैयारी गांव गांव तक पहुंचे इसका बीड़ा हम सबों को पहुंचाना चाहिए।
इस अवसर पर प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों और देश के महान विभूतियों का संक्षिप्त विवरणी के साथ प्रदर्शनी लगाया गया। चित्र प्रदर्शनी 12 मार्च से 16 मार्च तक खुंटी में आमजनों के अवलोकन के लिए खुला रहेगा।