गिद्धौर(चतरा)। राज्य के श्रम मंत्री सत्यानन्द भोगता ने गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण किया। वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद मंत्री ने उपस्थित लोगों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पेड़ पौधे हैं तभी जीवन संभव है। पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए हम सबकी जिम्मेदारी बनती है की पुत्र की तरह देखभाल करें। आज पर्यावरण संकट से देश प्रदेश के साथ साथ पूरा विश्व भी जूझ रहा है। हमसबको अपने जीवनकाल में अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाने चाहिए। प्रकृति ने अमूल्य उपहार दिया है तो उसका संरक्षण करना सबकी जिम्मेदारी बनती है। पौधारोपण कार्यक्रम में मंत्री के साथ बीडीओ पूनम कुजूर, अंचलाधिकारी जय शंकर पाठक, थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह, जिप सदस्य रामलखन दांगी, विद्यालय प्राचार्य, पंचायत समिति सदस्य महादेव दांगी सहित अन्य उपस्थित थे।