वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कन्हाचट्टी(चतरा)। शुक्रवार को राज्य के श्रम नियोजन एवं कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कन्हाचट्टी प्रखंड एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। सर्वप्रथम प्रखंड कार्यालय पहुंचकर वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होकर डीएफओ डॉ. आर थांगा पांडियन, प्रमुख रूना देवी, बीडीओ पप्पू रजक व थाना प्रभारी अनिल कुमार के साथ पौधारोपण किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि पेड़ पौधों का महत्व हर किसी को समझना होगा, जब तक हम सभी इसे नहीं समझेंगे तब तक पर्यावरण संरक्षण के दिशा में बढ़ाया गया कदम सार्थक नहीं होगा। इसके अलावे मंत्री ने क्षेत्र के विकास पर जोर देते हुए कहा कि जल्द विकास जमीन पर दिखेगा। इसके उपरांत प्रखंड क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में मंत्री शामिल हुए। दौरे में समाजसेवी अरुण सिंह, राजद प्रखंड अध्यक्ष रामेश्वर यादव, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र राम सहित अन्य शामिल थे।