पेंशन स्वीकृति पत्र का किया वितरण
प्रतापपुर/कुन्दा(चतरा)ः शनिवार को राज्य के श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने प्रतापपुर व कुंदा प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान मंत्री कई कार्यक्रमों में शामिल हुए और आम लोगों की समस्याओं से भी अवगत हुए। साथ ही दोनो प्रखंडों में सरकारी स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर वृक्षारोपण करने करने के साथ पेंशन स्वीकृति पत्र भी लाभुकों के बीच वितरण किया। कुंदा वन कार्यालय परिसर में मंत्री ने डीएफओ डॉ. आर थांगा पांडियन, प्रभारी रेंजर राजबलव पासवान, राजद प्रखंड अध्यक्ष दिलीप प्रसाद यादव, दीपक साहू, रंजीत भोक्ता, पृथ्वी गंझु व ब्रह्मदेव सिंह भोक्ता के साथ वृक्षारोपण किया। उसके बाद बीडीओ अमित कुमार से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। मौके पर आवास स्वीकृति पत्र एवं विधवा महिलाओं के बीच पेंशन स्वीकृति पत्र का वितरण किया। वही प्रखंड क्षेत्र के बानासाम (आसेदरी टोला) में वज्रपात से घायल बच्चों का हाल-चाल कुंदा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर लेते हुए परिजनों को हरसंभव मदद करने की बात कही। वही एंबुलेंस की मांग के संदर्भ में पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर मंत्री ने जल्द एंबुलेंस उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही मंत्री प्रतापपुर प्रखंड का दौरा कर लोगों की समस्याओं से अवगत हुए। इस दौरान राजद जिलाध्यक्ष नवल किशोर यादव, नागेंद्र यादव, रामवृक्ष पासवान, लक्ष्मण भोक्ता, बिनोद साव, समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे।