– राजद का रजत जयंती समारोह संपन्न
अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव महज एक व्यक्ति नहीं, बल्कि विचारधारा हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय का झंडा बुलंद किया। गरीबों के हक की आवाज उठाई। हम सामाजिक न्याय के झंडे को कभी झुकने नहीं देंगे। गरीबों एवं शोषित, पीड़ित जनता के हक के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे। यह बात राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव ने राजद के रजत जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कही।
अपने स्थानीय आवास पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व विधायक श्री यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने गरीबों को ताकत दी। अपने हक एवं हुकूक के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सिखाया कि अधिकार भीख मांगने से नहीं बल्कि लड़ाई लड़ने से हासिल होगा। हमारी ताकत आज भी वही हैं। लालू प्रसाद यादव के सामाजिक न्याय की विचारधारा के साथ हम मजबूती से जुड़े हुए हैं।
केंद्र सरकार एवं भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसते हुए राजद के पूर्व विधायक श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने हिंदू मुसलमान की राजनीति करके गरीबों का वोट ठगने का काम किया है। देश की जनता भाजपा की राजनीति को समझ नहीं सकी और छलिया की जाल में फंस गई। आज पूरे देश में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस आदि की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो गई है। देश की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। भाजपा ने देशवासियों के मत को ठगने का काम किया। कोरोना काल में ताली, थाली बजवा कर देशवासियों का भावनात्मक दोहन किया। देश में बनी कोरोना की वैक्सीन को विदेश भेज दिया गया। और अब विदेश से महंगी दर पर वैक्सीन मंगवाया जा रहा है। भाजपा सरकार देश के गरीबों को लूट रही है। लालू जी सही कहते थे कि भाजपा देश को बेच देगी। यह बात सच सिद्ध हो रही है।
पूर्व विधायक श्री यादव ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में जब विपक्ष एकजुट हुआ, तो भाजपा की हार हुई। हमारे नेता लालू प्रसाद यादव कहते हैं कि जो मोदी एवं बीजेपी को हराएगा एवं गरीबों की बात करेगा, उसका समर्थन किया जाएगा। पश्चिम बंगाल के बीते विधानसभा चुनाव में राजद ने ममता बनर्जी का समर्थन करके अपनी नीति स्पष्ट कर दी है।
श्री यादव ने कहा कि कोरोना काल में झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ठीक ढंग से काम नहीं कर सकी। लेकिन अब हेमंत सोरेन सरकार को आम जनता, गरीबों एवं बेरोजगारों के हक के लिए काम करना होगा। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में भी राजद किसी से कमजोर नहीं है। हमारा संगठन कमजोर नहीं है। राज्य सरकार पर जनता के हित में काम करने के लिए दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि संगठन को मजबूत कीजिए।
राजद के रजत जयंती समारोह की अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष कैलाश यादव कर रहे थे। मौके पर पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष धनंजय महतो, युवा राजद के पूर्व जिला अध्यक्ष जाहिद इकबाल, मिथिलेश कुमार झा बाबुल, नरेश रमानी, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष नीलम देवी आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।