गढ़वा से नित्यानंद दुबे की रिपोर्ट
गढ़वा : मुहर्रम पर्व को लेकर उपायुक्त राजेश कुमार पाठक तथा पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार झा ने संयुक्त आदेश जारी किया है। जारी किए गए आदेश द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जारी किए गए आदेश के अनुसार इस वर्ष मुहर्रम का त्योहार दिनांक 19 अगस्त 2021 को मनाए जाने की संभावना है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड, रांची द्वारा कोविड-19 महामारी के संक्रमण को देखते हुए संपूर्ण प्रदेश में सुरक्षात्मक शर्तों के साथ अनलॉक जारी है। इस निमित्त सभी धार्मिक स्थल बंद है। धार्मिक/ सार्वजनिक स्थल या किसी अन्य स्थल पर समूह में एकत्रित होकर जुलूस निकालना पूर्णतः प्रतिबंधित है। इस पर्व के अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी/ पुलिस पदाधिकारी तथा पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
संयुक्त आदेश में उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारी/ ओ.पी. प्रभारी को आदेश दिया है कि वे अपने- अपने क्षेत्र के चौकीदार/ एस.पी.ओ. से सतत संपर्क में रहेंगे एवं कोई भी अशांति फैलाने की सूचना प्राप्त होती है तो त्वरित कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी/ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गढ़वा, श्री बंशीधर नगर तथा रंका अपने-अपने अनुमंडल अंतर्गत विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे तथा समय-समय पर विधि व्यवस्था की सूचना जिला गोपनीय शाखा गढ़वा एवं पुलिस अधीक्षक गढ़वा के गोपनीय शाखा में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
संयुक्त आदेश के माध्यम से यह निर्देश दिया गया है कि त्योहार समाप्ति पर अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुहर्रम से संबंधित अंतिम खैरियत प्रतिवेदन दिनांक 20/08/2021 सायं तक उपायुक्त गढ़वा एवं पुलिस अधीक्षक गढ़वा को प्रतिवेदित करेंगे।