खूंटी: कोरोना संक्रमण काल के कारण इस हफ्ते अलग अलग इलाकों में सामाजिक दूरी का ख्याल रखते हुए महिला दिवस मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 मार्च को तोरपा महिला विकास केंद्र परिसर में महिला दिवस मनाया गया। महिला दिवस का आदर्श वाक्य था महिला उद्यमियों को सम्मान। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला उद्योग विभाग की समन्वयक आतेन विश्वासी तोपनो और विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर महिला दिवस का शुभारंभ किया गया। मौके पर विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा अपने समूहों द्वारा निर्माण किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। महिलाओं ने सिलाई कढ़ाई से निर्मित आकर्षक वस्त्रों, गृह सज्जा के सामग्री, फूल दानी, बांस द्वारा बनाये साज सज्जा के उत्पाद, प्रोसेसिंग यूनिट में बनाये गए ऑर्गेनिक हल्दी, लाह की हस्तनिर्मित चूड़ियां, फूलदानी, पेन स्टैंड, ऑर्गेनिक हल्दी, कंद-मूल, नर्सरी में लगाये गए उन्नत किस्म के फलदार पौधे, स्वनिर्मित खाद्य सामग्री, कृत्रिम फूल समेत विभिन्न श्रृंगार उत्पादों की प्रदर्शनी सह बिक्री के स्टॉल लगाए गए।
महिला दिवस के मौके पर विभिन्न महिला समूहों ने सामाजिक मुद्दों पर आधारित गीत नृत्य का प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कोरोना संक्रमण काल मे चुनौती को अवसर में बदलने की पूरी उद्यमिता यात्रा का जिक्र किया। कई महिलाओं ने मास्क बनाकर जंगल पहाड़ों के बीच जाकर जागृमता अभियान चलाया और मास्क बेचा। पढ़ाई से दूर रहने वाले सुदूरवर्ती ग्रामीण बच्चों को सरकार के गाइड लाइन का पालन करते हुए शिक्षा से जोड़े रखा। खेल खेल में शिक्षा का प्रसार किया। महिला विकास केंद्र द्वारा अलग अलग क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और महिला समूहों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मनित किया गया। महिला दिवस के मौके पर महिलाओं ने जमकर नाच गान किया और महिला दिवस को यादगार बनाया। महिला उद्यमियों को सम्मान देने के कार्यक्रम में रनियां की जिला परिषद सदस्य विराजमनी
सुरीन, तोरपा प्रमुख रोशनी गुड़िया, उपप्रमुख सोफिया सुल्ताना, भारतीय लाह अनुसंधान केंद्र नामकुम के प्रतिनिधि, महिला विकास केंद्र की निदेशिका सिस्टर मारियालीना, सिस्टर चारुशीला समेत महिला विकास केंद्र में कार्यरत वोलेंटियर शामिल थे।