आनंद /सामंत राज की रिपोर्ट
बसंतराय: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जिला महिला कांग्रेस द्वारा प्रखंड के शाहपुर बेलडीहा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सोनी झा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं के उत्थान एवं सम्मान की चर्चा की गई। श्रीमती झा ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं समाज के सभी क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं। सेना से लेकर अंतरिक्ष तक में महिलाएं पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। पढ़ाई के क्षेत्र में भी लड़कियां डंका बजा रही हैं। लेकिन अभी भी बहुत सारे ऐसे क्षेत्र हैं जहां महिलाओं को असमानता का सामना करना पड़ रहा है। अपने हक की लड़ाई के लिए महिलाओं को जागरूक होने की आवश्यकता है। मौके पर प्रखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अनवरी बेगम, उपाध्यक्ष सविता देवी, सिफत नाज, बेबी देवी, संगीता देवी, तबस्सुम, जाहिदा, कंचन कुमारी, उषा सिंह आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।