गुमला :जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार जिला पंचायती राज पदाधिकारी मोनिका रानी टूटी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2021 के तहत मतदाता सूची की तैयारी के संबंध में बैठक की गई।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग झारखंड का यह निर्देश है कि 01 जनवरी 2021 को अहर्ता तिथि मानकर दिनांक 15 जनवरी 2021 को अंतिम रूप से प्रकाशित एवं विधानसभा निर्वाचन हेतु तत्समय प्रवृत्त भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्मित मतदाता सूची में जिन व्यक्तियों का नाम शामिल होगा वे ही पंचायतों के निर्वाचन में मतदाता होंगे।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिस नमूना, रूप, आकार व ले-आउट में फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार की जाती है, उसी नमूने, रूप, आकार एवं ले-आउट में पंचायत (आम) निर्वाचन 2021 हेतु फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार किए जाने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने पंचायत की फोटोयुक्त मतदाता सूची के एक पृष्ठ में 30 मतदाताओं का नाम, उनके फोटो एवं ईपिक नंबर सहित समाविष्ट किए जाने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रखंड स्तरीय पर्यवेक्षी पदाधिकारी एवं अन्य कर्मचारियों को मतदाता सूची की तैयारी में ग्राम पंचायत सचिवों, जनसेवकों तथा अन्य सरकारी कर्मियों की सेवा भी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों से प्राप्त किए जाने की जानकारी दी। जिसके अंतर्गत शिक्षक, रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी सेविका आदि हैं।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी नेबताया कि मतदान केंद्रवार मतदाता सूची का भोतिक सत्यापन एवं जाँच हेतु पदाधिकारिय़ों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। जिसमें पंचायत सचिव/ अन्य संलग्न कर्मि. द्वारा शत प्रतिशत जाँच, प्रखंड स्तरीय पर्यवेक्षी पदाधिकारी द्वारा अपने आवंटित क्षेत्र का 50 प्रतिशत जाँच, प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा अपने आवंटित क्षेत्र का 40 पर्तिशत जाँच, अंचलाधिकारी द्वारा अपने आवंटित क्षेत्र का 30 प्रतिशत जाँच, अनुमण्डल पदाधिकारी द्वारा पने आवंटित क्षेत्र का 20 प्रतिशत जाँच, प्रखंड के वरीय प्रभारी पदाधिकारी द्वारा अपने आवंटित क्षेत्र का 10 प्रतिशत जाँच, जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त द्वारा औचक जाँच तथा प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा प्रत्येक जिले के 10 मतदान केंद्रों की मतदाता सूची का औचक जाँच किया जाना है।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने मतदाता सूची की तैयारी के कार्यक्रम जीजानकारी साझा करते हुए बताया कि पंचायत (आम) निर्वाचन 2021 के निर्वाचन हेतु मतदाता सूची की तैयारी निम्नलिखित निर्देशों के अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्ण कराया जाना है। 18 अगस्त 2021 से 06 सितंबर 2021 तक प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रवार (वार्डवार) मतदाता सूची का विखण्डीकरण एवं आधार पत्रक तैयार किया जाएगा। 07 सितंबर 2021 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। 07 सितंबर से 18 सितंबर 2021 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्ति एवं उनका निराकरण किया जाएगा। 20 सितंबर 2021 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा तथा 21 सितंबर 2021 तक अंतिम रूप से तैयार मतदाता सूची का सॉफ्ट कॉपी पीडीएफ प्रारूप में तथा उसका डाटाबेस बैकअप सीडी अथवा पेनड्राईव या डीवीडी में आयोग को उपलब्ध कराया जाना है।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने उक्त सभी कार्रवाईयों को निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
उपस्थिति
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी मोनिका रानी टूटी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी गुमला/ रायडीह/ चैनपुर/ डुमरी/ जारी/ घाघरा/ बिशुनपुर/ सिसई/ भरनो/ बसिया/ कामडारा/ पालकोट, तथा संबंधित प्रखंडों के कंप्यूटर ऑपरेटर व अन्य उपस्थित थे।