अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा : असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा महागामा की कांग्रेस विधायक एवं अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सचिव दीपिका पांडेय सिंह को महती जिम्मेवारी सौंपी गई है। प्रत्याशियों के चयन के लिए गठित स्क्रीनिंग कमिटी में विधायक श्रीमती सिंह को सदस्य मनोनीत किया गया है। जिला के कांग्रेस जनों ने विधायक श्रीमती सिंह को पार्टी नेतृत्व की ओर से सौंपी गई जिम्मेवारी पर प्रसन्नता का इजहार किया है।
विधायक श्रीमती सिंह ने कहा कि आगामी असम विधानसभा चुनाव में स्क्रीनिंग कमेटी में सदस्य बनाकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, हमारे नेता राहुल गांधी और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव ने उन पर बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी है। आश्वस्त कराती हूं की अपने कार्य का निर्वहन पारदर्शिता और निष्ठा के साथ निभाऊंगी।
इस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष पृथ्वी राज पृथ्वीराज चौहान और कमलेश्वर पटेल के साथ पूर्ण सहयोग कर पार्टी की जीत के लिए पूरी मेहनत के साथ एक सच्चे कार्यकर्ता के तौर पर काम करूंगी।
मालूम हो कि विधायक श्रीमती सिंह सांगठनिक दृष्टिकोण से काफी निपुण मानी जाती हैं। संघर्ष के बल पर अपनी पहचान बनाने वाली विधायक श्रीमती सिंह अखिल भारतीय युवा कांग्रेस की संयुक्त सचिव भी रह चुकी हैं। अपनी सांगठनिक क्षमता का भरपूर उपयोग करते हुए विधायक श्रीमती सिंह ने गोड्डा जिला कांग्रेस अध्यक्ष की हैसियत से पार्टी में नई जान फूंकने का काम किया था। उनकी कार्य क्षमता को देखते हुए राजनीतिक हलकों में उन्हें “आयरन लेडी” भी कहा जाने लगा है।