गोड्डा: भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व सचिव देवेंद्र प्रसाद पांडेय ( 85) का बुधवार को सुबह प्रोफेसर कॉलोनी स्थित निज आवास पर निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में शोक की लहर है। स्थानीय सांसद, विधायक, भाजपा नेताओं समेत समाज के विभिन्न तबके के लोगों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
काफी सरल, मृदुभाषी एवं सौम्य व्यक्तित्व के धनी स्वर्गीय पांडेय जनसंघ काल से ही राजनीतिक क्षेत्र में काफी सक्रिय थे। वह वर्षों तक जिला अधिवक्ता संघ के सचिव भी रहे थे। अनेक शैक्षणिक संस्थाओं से भी उनका लगाव था। वृद्धावस्था के कारण पिछले कुछ समय से स्वर्गीय पांडेय सक्रिय नहीं थे।
उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे एवं विधायक अमित कुमार मंडल ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा है कि भाजपा ने अपना एक अभिभावक खो दिया। पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश झा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष, हम सभी के अभिभावक, राजनीतिक शुचिता के प्रतीक, ईमानदार ,अनुशासन प्रिय, विद्वान अधिवक्ता देवेंद्र प्रसाद पांडेय के निधन से जो स्थान रिक्त हुआ है उसकी भरपाई संभव नहीं। पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह ने भी उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
उनके निधन की सूचना मिलते ही प्रोफेसर कॉलोनी स्थित उनके आवास पर पहुंच कर समाज के विभिन्न तबके के लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके आवास पर पहुंचने वालों में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश झा, अतुल दुबे, अजीत सिंह आदि शामिल थे।
श्री झा ने कहा कि स्वर्गीय पांडेय ने वर्षों तक लगातार बार एसोसिएशन के सचिव, बाल विकास विद्यालय के सचिव, गणतंत्र सप्ताह समारोह समिति एवं मेला समिति के अध्यक्ष, जनसंघ से लेकर भाजपा तक विभिन्न पदों को सुशोभित किया। वास्तव में देवेंद्र बाबू गोड्डा के अटलजी थे। 85 वर्ष की उम्र में उनके निधन से एक युग का अंत हो गया।