गढ़वा से नित्यानंद दुबे की रिपोर्ट
गढ़वा। गढ़वा में अब नया समाहरणालय भवन बनेगा। राज्य कैबिनेट ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। जल्द ही निविदा की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए कार्य प्रारंभ किया जाएगा। जानकारी देते हुए गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि लगभग 54 करोड़ रूपये की लागत से नये समाहरणालय भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण से गढ़वा के विकास को एक नई दिशा मिलेगी।
मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि इस एकीकृत भवन में जिले के सिविल एवं पुलिस प्रशासन से सम्बंधित सभी कार्यालय संचालित होंगे। चार मंजिला यह भवन करीब डेढ़ लाख स्क्वायर फीट का होगा। अब एक ही छत के नीचे लोगों को सभी कार्यालय उपलब्ध होंगे। किसी काम के लिए उन्हें अलग अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डीसी, एसपी, डीडीसी से लेकर जिले के सभी विभाग के कार्यालय एवं अभियंत्रण विभाग एक ही परिसर में कार्य करेंगे। यह गढ़वा जिले का सबसे खूबसूरत भवन के रूप में शुमार होगा। इस परिसर में कैंटीन, पुलिस बैरक सहित हर सुविधा उपलब्ध होगी। समाहरणालय के नए भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने के लिए मंत्री श्री ठाकुर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया है। मंत्री ने कहा कि एक-एक कर गढ़वा की सारी समस्याएं दूर होगी। जिले की बेहतरी के लिए वे संपूर्ण इच्छाशक्ति के साथ एक ईमानदार प्रयास कर रहे हैं। गढ़वा में अब विकास दिखने लगा है। विकास के मामले में जल्द ही गढ़वा पूरे राज्य के लिए उदाहरण बनेगा। इसके लिए सभी का सहयोग, प्यार एवं आशीर्वाद की जरूरत है।
नए समाहरणालय भवन की स्वीकृति पर झामुमो नेताओं ने मंत्री को दी बधाई
गढ़वा में नये समाहरणालय भवन निर्माण की झारखंड कैबिनेट से स्वीकृति मिलने पर झामुमो नेताओं ने मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
जिला प्रवक्ता धीरज दुबे ने कहा कि यह पूरे गढ़वा जिला वासियों के लिए खास दिन है। 54 करोड़ की लागत से प्रस्तावित नए समाहरणालय भवन निर्माण होने से जिले वासियों को एक ही छत के नीचे सभी कार्यालय की सुविधा प्राप्त होगी। लोगों को पार्किंग के लिए भी पर्याप्त जगह मिलेगा। नए क्षेत्र में समाहरणालय निर्माण से गढ़वा का चौतरफा विकास होगा। लोगों को रोजी रोजगार के लिए संसाधन उपलब्ध होंगे। इस प्रस्ताव को पास होने से गढ़वा जिला में हर्ष का माहौल है। बधाई देने वालों में युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष नितेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि संजय चौधरी, चंदन पासवान, गढ़वा प्रखंड उपाध्यक्ष नीरज तिवारी, प्रदीप कुमार पांडेय, ईमाम हुसैन, मयंक द्विवेदी आदि का नाम शामिल है।