20 अप्रैल से थी गायब, जंगल में मिला शव
दुष्कर्म की आशंका, पुलिस छानबीन में जुटी।
रामगढ़: रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र के सयाल 10 नंबर माईंस के समीप गुरुवार को नौ वर्षीय बच्ची का शव मिला। शव की पहचान प्रतिज्ञा पिता मोहन महलानी के रूप में हुई। बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के मकसद से आग लगाये जाने की संभावना जताई जा रही है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पिता मोहन महलानी ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ का रहनेवाला है और यहां ईंट भट्ठे में काम करता है। वह अपनी पत्नी फुलबाई और तीन बच्चों के साथ सरैया टोला के निकट अरविंद गिरी के बंद पॉल्ट्री फार्म में रह रहा था। इधर अरविंद ने जगह खाली करने को कहा।बताया कि वह यहां मुर्गा फार्म खोलेगा । मोहन ने पतरातू रेलवे कॉलोनी के समीप रहने की जगह देखी। 20 अप्रैल को मोहन ने बड़ी बेटी प्रतिज्ञा और बेटे को रेलवे कॉलोनी ले गया। दोनों को वहीं छोड़ वह वापस लौटकर पत्नी, सबसे छोटी बेटी और सामान लेकर रेलवे कॉलोनी पहुंचा। यहां से प्रतिज्ञा गायब थी। अगल बगल के लोगों से भी पूछा गया पर किसी ने कोई जानकारी नहीं दी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। 22 अप्रैल को गुमशुदगी का मामला दर्ज कराने को लेकर मोहन भुरकुंडा थाना आ ही रहा था कि जंगल में शव होने की जानकारी मिली। घटनास्थल पर मोहन को बड़ी बटी प्रतिज्ञा का शव मिला। मामले की सूचना पर एसपी प्रभाव कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। घटना से क्षेत्र के लोग मर्माहत हैं।
क्या कहते हैं एसपी :-
रामगढ़ एसपी प्रभात कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया हत्या कहीं और कर शव को जंगल मे फेंका गया प्रतीत हो रहा है। साक्ष्य मिटाने की मंशा से शव जलाने प्रयास किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।