पुटीदा में संचालित तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में जाकर दिये तीरंदाजी के टिप्स
रामगोपाल जेना
चाईबासा : बीजिंग ओलंपिक के प्रतिभागी रह चुके अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज मंगल सिंह चांपिया रविवार को कोलकाता से तीन दिवसीय दौरे पर अपने गृह शहर चाईबासा पहुंचे। चक्रधरपुर में ट्रेन से उतरने के बाद खेलकूद विभाग के सांसद प्रतिनिधि विश्वनाथ तामसोय ने बुके देकर उनका स्वागत किया। सड़क मार्ग से चाईबासा आने के क्रम में ओलंपियन मंगल सिंह चांपिया ने सड़क किनारे पुटिदा गांव में पुटिदा तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं से मिले। तीरंदाजी के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। अर्जुन पुरस्कार विजेता मंगल सिंह चांपिया ने धनुष के असेंबलिंग, स्ट्रिंग एलाईनमेंट, लिम एडजस्टमेंट आदि की बारीक जानकारी दी। परफेक्ट शॉट के लिए बॉडी जेस्चर के महत्व को भी समझाया। वहीं प्रशिक्षक दुंबी पुरती के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव साझा किये। ज्ञात हो मंगल सिंह चांपिया कोलकाता में रहते हैं। मूलरूप से मंझारी प्रखंड के ईचाकुटी के रहनेवाले हैं। इस पंद्रह साल पुराने पुटीदा तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में कुल 16 लड़के-लड़कियां तीरंदाजी सीख रहे हैं और प्रशिक्षक दुंबी पुरती बिना किसी सरकारी मदद के अपने स्तर से तीरंदाजी सिखाते हैं। इस मौके पर ननिका पुरती, नसीमा पूरती, तुराम पुरती, बबिता पुरती, सुखलाल पुरती,जोगेंद्र बोदरा आदि मौजूद थे।