खूंटी: ओलंपिक में भाग लेने के बाद पहली बार अपने गृह जिले खूंटी में पहुंची महिला हॉकी टीम की डिफेंडर निक्की प्रधान का हुआ अभूतपूर्व स्वागत। साथ में हॉकी टीम की सदस्य झारखंड के सिमडेगा की सलीमा टेटे भी पहुँची खूँटी। ढोल नगाड़ों की थाप पर आदिवासी पारंपरिक नृत्य के साथ झारखण्ड की हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान और सलीमा टेटे का स्वागत किया गया।
जुलूस की शक्ल में खूंटी के हॉकी संघ, क्रिकेट संघ, फुटबॉल संघ, बिरसा मुंडा खेल संघ समेत जिले के विभिन्न गैर राजनीतिक संगठनों, बिरसा कॉलेज, एसएस प्लस टू, उर्सुलाइन और डे-बोर्डिंग हॉकी खिलाड़ियों ने झारखण्ड की दोनों बेटियों का खूब मान-सम्मान किया।
जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने भी निक्की और सलीमा को मोमेंटो और शॉल देकर सम्मानित किया। ओलंपिक खेल चुकी निक्की और सलीमा ने जिले के अधिकारियों और बिरसा कॉलेज के शिक्षकों को हॉकी स्टिक में ऑटोग्राफ दिया।
निक्की प्रधान और सलीमा टेटे दोनों खिलाड़ी खूंटी में पारंपरिक देशी अंदाज में स्वागत होने से अभिभूत नजर आए। खूंटी की जनता ने दोनों ओलंपियन बेटियों को फूल माला से भरपूर स्वागत किया।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने दोनों बेटियों को आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरक बताया और कहा कि खेल के क्षेत्र में गरीबी के बावजूद हमारे इलाके में खेल प्रतिभाओं को निखारा जा सकता है। खेल प्रतिभाओं को निखारने में कोच की मुख्य भूमिका होती है। जिले में हॉकी के साथ साथ अन्य खेलों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। निक्की प्रधान और सलीमा के नक्शे कदम अब आने वाली पीढ़ियां भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे। झारखण्ड की दोनों बेटियों को जिले के डीसी, एसपी समेत अन्य लोगों ने आने वाले राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम के बाद दोनों बेटियों ने स्थानीय पत्रकारों द्वारा पूछे गए कई सवालों का बेबाकी से जवाब दिया।
ओलंपियन निक्की प्रधान की शादी को लेकर उसके परिवार वाले काफी समय से प्रयासरत है लेकिन निक्की के मनाही पर शादी नही हो पाई है। निक्की व्यक्तिगत सवालों का बेबाकी से जवाब देते हुए कहा कि फिलहाल शादी का कोई इरादा नही, मकसद है देश को मैडल दिलाना जो दिलाकर रहूंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि फिलाहल टूर्नामेंट की तैयारी करना है न कि शादी को लेकर, फोकस सिर्फ हॉकी को लेकर है। स्वागत कार्यक्रम में खूंटी जिला हॉकी संघ के अध्य्क्ष अशोक भगत, उपाध्यक्ष अर्पणा हंस, सचिव सह हॉकी कोच दशरथ महतो, नामजन सोयमुरुम समेत अन्य सदस्य शामिल थे।