सरायकेला: धनबाद में विगत दिनों छात्राओं पर की गयी लाठीचार्ज मामले के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला इकाई द्वारा बुधवार को समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। धरना को संबोधित करते हुए भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिषेक आचार्य ने कहा विगत दिनों जिस प्रकार धनबाद में नाबालिग छात्राओं पर उपायुक्त कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी व पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा बर्बरता के साथ लाठीचार्ज कर उन्हें लहूलुहान किया गया यह बेहद निंदनीय एवं शर्मनाक कृत्य है। भाजपा जिला अध्यक्ष विजय महतो ने कहा कि ये सरकार निर्लज्जता की सभी हदें पार कर दी है। राज्य सरकार अपने वादों से भाग रही है और जो आवाज उठाने की कोशिश कर रहे हैं उनको दबाने में लगी है। भाजपा नेता रमेश हांसदा ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन लगातार राज्य के युवाओं को ठग रहे हैं। उनके विधायक टेंडर मैनेज ओर ट्रांसफर पोस्टिंग में ही व्यस्त है। और जनता यहां राज्य की बदहाली में त्रस्त है।धरना के बाद उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि उक्त घटना के दोषियो के विरुद्व जल्द से जल्द कार्रवाई की जाय। मौके पर प्रदेश प्रवक्ता अमिताभ सेनापति,पूर्व जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंहदेव,अनुराग जयसवाल, जिला उपाध्यक्ष राजा सिंहदेव, नगरपंचायत उपाध्यक्ष सह भाजपा नेट्स मनोज कुमार चौधरी, बी एन सिंह, दीपक माझी, राजेन्द्र प्रधान, भाजपा नगर अध्यक्ष बद्री दरोगा, सुमित चौधरी, रीता दुबे व रवि सतपती सहित काफी संख्या में भाजपाई उपस्थित थे।