महेशपुर: थाना क्षेत्र के महेशपुर शहरग्राम मुख्य सड़क के किरता व देवपुर गांव के पास शनिवार को तेज गति से जा रहा एक अनियंत्रित टेम्पो सड़क पर पलट गया जिससे एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई जबकि टेम्पो पर सवार तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतक का पहचान आमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के उदलबनी गांव निवासी सुभाषटेन किस्कु के रूप में किया गया है। जबकि गंभीर रूप से जख्मी अधेड़ महिला मृतक की मां बाहा मरांडी 55 वर्ष, टेम्पो चालक सामुएल मुर्मू 32 वर्ष एवं मानसी मुर्मू 32 वर्ष है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही थाना के एएसआइ सुरेश प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचकर मामले की छानबीन करते हुए दुर्घटनाग्रस्त टेम्पो एवं शव को जब्त कर महेशपुर थाना लाया गया साथ ही तीनों जख्मियों को इलाज के लिए महेशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया जहां डॉक्टर रविंद्र नाथ ने तीनों का प्राथमिक उपचार कर गंभीरता को देखते हुए बाहा मरांडी एवं सामुएल मुर्मू को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। वही मानसी मुर्मू को घर वापस भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के उदलबनी गांव के कुछ लोग दो दिन पूर्व टेम्पू संख्या जेएच 16ई- 8013 में सवार होकर महेशपुर थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में आए हुए थे। शादी खत्म होने के बाद आज वह लोग टेम्पू में सवार होकर अपने गांव उदलबनी जा रहा था। इसी दौरान किरता गांव के समीप टेम्पू के सामने अचानक एक मवेशी आ गया। चालक द्वारा अचानक ब्रेक मारने पर टेम्पू असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। जिससे टेम्पू पर बैठे सुभाषटेन किस्कु टेम्पू के नीचे दब गया जिससे उसका सर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मामले को लेकर थाना प्रभारी रत्नेश कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टेम्पू को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया गया है। बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।