कोडरमा से मनोज कुमार झुन्नू की रिपोर्ट
कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र के ग्राम बेकोबार में गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे आपसी ज़मीनी विवाद को लेकर दो पक्षो में जमकर मारपीट की गयी। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षो की ओर से लाठी,चपडा, गैता व कुदाल चलना शुरू हो गया। इस मारपीट में धारधार हथियार के वार से एक 45 वर्षीय व्यक्ति महेंद्र साव, पिता हेमलाल साव की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के अन्य सात लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं कोडरमा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल जा रहा है। घायलों में एक पक्ष के 36 वर्षीय भगत साव, पिता हेमलाल साव 30 वर्षीय सुनीता देवी पति भगत साव,13 वर्षीय रामेश्वर कुमार, पिता महेंद्र साव व 50 वर्षीय दिनेश्वरी देवी, पति हेमलाल साव तथा दूसरे पक्ष के 40 वर्षीय मदन साव, पिता छत्तर साव,17 वर्षीय शंकर कुमार, पिता मदन साव और 15 वर्षीय रोहित कुमार, पिता मदन साव शामिल हैं।
घटना को लेकर मृतक के भाई भगत साव ने कोडरमा थाना में दिए अपने आवेदन में बताया है कि गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे मदन साव, किशुन साव, सरिता देवी, शंकर साव, रोहित साव, मुकेश साव, पूजा देवी एवं किशुन साव की पत्नी तथा 7-8 अन्य अज्ञात लोगों के द्वारा हमारे परिवार के सदस्यों के ऊपर धारधार हथियार से हमला कर दिया गया, इसी दौरान महेंद्र साव अपने बेटे रामेश्वर कुमार को बचा रहे थे। इस दौरान मदन साव ने तलवार से मेरे भाई के सर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह उनको इलाज हेतु सदर अस्पताल लेकर आये जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीँ रामेश्वर कुमार की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। वहीं दुसरे पक्ष के मदन साव के द्वारा अभी तक थाना में कोई आवेदन नहीं दिया गया है।