– सदर अस्पताल में डेढ़ दर्जन से अधिक पीड़ित इलाजरत
गोड्डा से अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: जिला के कुछ हिस्सों में डायरिया का प्रकोप गहराता जा रहा है। सदर प्रखंड का छोटी कल्याणी एवं मल्हारा गांव फिलहाल डायरिया से आक्रांत बताया जा रहा है। रविवार को इन दोनों गांवों के करीब एक दर्जन पीड़ित इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती हुए। छोटी कल्याणी गांव में एक सप्ताह के अंदर डायरिया पीड़ित 5 लोगों के मरने की सूचना है।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा डायरिया से मौत की पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन ग्रामीणों का दावा है कि छोटी कल्याणी गांव में एक सप्ताह के दौरान डायरिया से 5 लोगों की मौत हो चुकी है। काफी लोग डायरिया से पीड़ित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को सदर अस्पताल में 19 डायरिया पीड़ित मरीज इलाज के लिए भर्ती थे। अधिकांश लोग छोटी कल्याणी गांव के हैं। इस गांव के एक ही परिवार के 5 सदस्यों को डायरिया के कारण सदर अस्पताल में भर्ती किया गया है। मल्हारा गांव में भी डायरिया के कारण अनेक लोग पीड़ित हैं। कुछ लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती किया गया है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
सिविल सर्जन डॉक्टर मंटू टेकरीवाल ने पूछे जाने पर बताया कि उन्हें भी इन दो गांवों में डायरिया फैलने की जानकारी मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में भेजा जाएगा।