बुंडू: जनजतीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा आज बुंडू के राजेन्द्र आश्रम में संचालित वैक्सीनेशन सेंटर का जायजा लिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जल्द ही बुंडू में स्वास्थ्य सुविधा बेहतर बनाने के लिए ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा। ऑक्सीजन प्लांट के लगने से बुंडू तमाड़ के अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलिंडर की कमी नहीं होगी। केंद्रीय मंत्री वैक्सीन लेने वाले छात्र-छात्राओं से भी रु-ब-रु हुए और कहा कि आपलोगों को वैक्सीन लेकर कैसा लगा? आप सभी अपना अनुभव दूसरों को शेयर करें ताकि लोगों में फैली भ्रांतियां दूर हों।
केंद्रीय मंत्री ने वैक्सीनेशन सेंटर में किस तरीके से लोगों को वैक्सीन दिया जा रहा है। इसका भी मुआयना किया साथ ही ट्रू-नेट जांच की भी जानकारी ली। 18 प्लस और 45 प्लस वालों के लिए अलग अलग स्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं। चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि वैक्सीनेशन सेंटर में वैक्सीन लगने के बाद आधे घण्टे तक टीका लेने वाले व्यक्तियों को ऑब्जरवेशन में रखा जाता है। अबतक किसी भी व्यक्ति को बुंडू में वैक्सीन लेने के बाद परेशानी नहीं हुई है। साथ ही बताया कि विगत दस दिनों से बुंडू में एक भी कोरोना पॉजिटिव के मामले नहीं आये हैं।
मौके पर पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये समय सबको मिलकर लड़ने का है। अभी आलोचना समालोचना का समय नही है। देश की जनता कैसे सुरक्षित रहे इसके लिए प्रत्येक स्तर पर अच्छे ढंग से कम करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार ने शत प्रतिशत वैक्सीन फ्री कर दिया है। ऐसे में अब राज्य सरकार सामाजिक सरोकार से जुड़े लोगों और सभी राजनीतिक दलों की मदद लेकर सही ढंग से ग्रामीणों को जागरूक करे। मीडिया भी वैक्सीनेशन के लिए ग्रामीणों को जागरूक करे। वैक्सीनेशन कैसे सफल हो इस पर सभी लोगों को मिलकर कार्य करने की जरूरत है।