बोकारो से जय सिन्हा
बोकारो: गोमिया प्रखंड के चुटे पंचायत अंतर्गत दण्डरा गांव में बज्रपात से तीन नरेगा मज़दूर की मौत हो गई ,जबकि चार घायल हैं। जानकारी के अनुसार दण्डरा गांव के चैयाटांड निवासी तुलसी महतो 50 वर्ष, उसकी पत्नी कनकी देवी 45 वर्ष एवं कौशल्या देवी 55 वर्ष का बज्रपात से निधन हो गया। इसके साथ ही चार अन्य मज़दूर घायल हो गए। इस संबंध में बताया गया कि तुलसी महतो नरेगा योजना अंतर्गत कुआँ निर्माण का कार्य करा रहा था, इसी बीच अचानक मौसम का मिजाज बदला और बारिश होने लगी। वहां काम कर रहे हैं सभी मजदूर एक मचान के नीचे बचने के लिए चले गए। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश के बीच वज्रपात हुआ जिसमें उक्त तीनों लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायलों में विशेश्वर महतो, किशुन सिंह, लालमन और महेश महतो शामिल है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी हेलन बारला ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। मौके पर विधायक गोमिया विधायक लंबोदर महतो, बीडीओ कपिल कुमार, थाना प्रभारी आशीष खाखा सहित अन्य लोग अस्पताल पहुंचे और घायलों का जायजा लिया। प्रशासन तीनों मृतकों के पोस्टमार्टम की तैयारी में जुट गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पंचनामा तैयार किया जा रहा है ताकि उनका पोस्टमार्टम कराया जा सके। विधायक डॉक्टर लंबोदर महतो ने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने की बात कही है साथ ही कहा है मृतक के परिजनों को सरकार के द्वारा मुआवजा भी दिया जाएगा।