खूंटी: खूंटी पुलिस अफीम की खेती को रोकने के साथ अफीम के कारोबारियों पर भी पैनी नजर रख रही है। इसी क्रम में पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जिले के सोयको थाना क्षेत्र अंतर्गत जिलिंगकेला गांव के बुढ़ियागुटू में छापामारी कर पुलिस ने इसी टोले के अलविश मुंडा को गिरफ्तार करने के साथ एक किलो 60 ग्राम अफीम, एक की-पैड मोबाईल फोन, तराजू और बटखरा भी जब्त की है। जब्त अफीम की कीमत लगभग 80 हजार रूपये बताई जा रही है।
एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमित कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए बुढ़ियागुटू भेजा गया। जहां अलविश मुंडा के घर में छापामारी कर अफीम बरामद किया गया। और अलविश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी ने कहा कि अफीम के खिलाफ इस वर्षअभियान में तेजी होगी। अफीम की खेती करने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अफीम की खेतों की सिंचाई करने के लिए खरीदे जा रहे पंप और पाईप दुकानदारों पर पुलिस की नजर है। इसके साथ अन्य उर्वरक जो अफीम की खेती के लिए बेचे जा रहे हैं, उसपर भी पुलिस की निगरानी है। साथ ही ग्रामप्रधानों को भी अफीम की खेती की सूचना देने को कहा गया है।