खूंटी: खूंटी पुलिस ने 13 मई को सरकटी शव बरामदगी मामले का खुलासा कर लिया है। इस मामले में सायको थाना पुलिस ने दो लोगों – रोहित मुंडा उर्फ अलदेव मुंडा उर्फ अरविंद मुंडा और मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार किया है।
खूंटी पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि सायको थाना क्षेत्र के रानीफॉल स्थित पहाड़ की टेकरी में 13 मई की एक अज्ञात सिर कटा शव पाया गया था। इस मामले में पुलिस ने साइको थाना में प्राथमिकी दर्ज की और अनुसंधान किया, अनुसंधान के क्रम में मृतक की पहचान मारंगहादा थाना क्षेत्र के कुजराम निवासी भोंज मुंडा के रूप में की गई। मृतक भोंज मुंडा की हत्या उसके तीन दोस्तों ने एक साथ मिलकर की थी। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पारंपरिक हथियार फरसा, दो मोबाइल और अभियुक्त के पहने वस्त्र को बरामद किया है।
मामले के अनुसंधान टीम में साइको थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा, पुलिस अवर निरीक्षक दिगंबर पांडेय, पुलिस अवर निरीक्षक भजनलाल महतो और सायको थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।