कुंडहित : मंगलवार को बंगाल के राजनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए दहेज प्रताड़ना मामले के आरोपी पति को बागडेहरी पुलिस ने जामताड़ा जेल भेज दिया। आरोपी पति लंबे समय से फरार चल रहा था। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के चंद्रपुर गांव की रहने वाली मनोयारा खातून की शादी राजनगर थाना क्षेत्र के सकीलपाड़ा निवासी अब्बास शेख के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति और ससुराल वालों ने मनोयारा को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वही ससुराल वालों द्वारा उसके साथ मारपीट भी की जाने लगी। प्रताड़ना और मारपीट से तंग आकर मनोयारा खातून द्वारा फरवरी 2021 में बागडेहरी थाने में शिकायत की गई। लेकिन मामला बंगाल का होने के कारण पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। जिसके बाद पीड़िता ने जामताड़ा न्यायालय की शरण ली थी। न्यायालय के आदेश पर 4 जून को बागडेहरी थाने में थाना कांड संख्या 15/21 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी में पीड़िता के पति अब्बास शेख के अलावे सरफुद्दीन शेख, गफ्फार शेख तथा मेहरा बीवी को नामजद किया गया। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की रात को बागडेहरी पुलिस ने राजनगर थाना क्षेत्र के सकिलपाड़ा स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की और पीड़िता के अब्बास शेख को को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए पति को मंगलवार की सुबह न्यायिक अभिरक्षा में जामताड़ा जेल भेज दिया गया है। मामले के अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर दिलीप कुमार ने बताया की अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्दी उनको भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।