पथरगामा: सोमवार को रांगाटाड़ ग्राम में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस द्वारा जन जागरण अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो ने की। मौके पर जिला से आए पर्यवेक्षक धनंजय यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कारनामे को ग्रामीण इलाकों के ग्रामीणों को बताया जाएगा। साथ ही जन जागरण अभियान भी किया जाएगा। कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा था कि जब उनकी सरकार होगी तो 100 दिन पूरा होने के पहले ही भारत से भ्रष्टाचार, महंगाई आदि समाप्त कर दूंगा। 8 वर्ष हो गए लेकिन अब तक उनके द्वारा महंगाई के अलावा अन्य किसी भी चीजों पर रोक नहीं लगाई जा सकी। यह सरकार किसान विरोधी सरकार है। सरकार के हर एक कारनामे को ग्रामीण इलाकों के ग्रामीणों को बताया जाएगा। कहा भाजपा सरकार दलितों, गरीबों की विरोधी सरकार है। इस मौके पर प्रखंड प्रभारी पंकज चौधरी, प्रखंड उपाध्यक्ष विजय तिवारी, प्रखंड महामंत्री राम जीवन सिंह ने कहा कि जन जागरण अभियान के तहत गंगटा, परसपानी, केरवार, हुपनाटोला बासभीठा,पीपरा ग्राम में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत ग्रामीणों को कांग्रेस की सदस्यता भी दिलाई जाएगी। इस मौके पर कांग्रेस नेता प्रकाश दास, प्रखंड सह प्रभारी दीनदयाल यादव, धनंजय महतो, सीताराम महतो, अरविंद महतो, बसंतराय प्रखंड के संगठन प्रभारी चतुर्भुज साह के अलावे कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।