गुमला से बसंत गुप्ता
गुमला: राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के 31 मार्च को गुमला जिले के संभावित दौरा के मद्देनजर उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त संजय बिहारी अंबष्ठ ने आज रायडीह प्रखंडांतर्गत माझाटोली में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
31 मार्च को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू द्वारा गुमला जिला के रायडीह प्रखंडांतर्गत माझाटोली में सेवानिवृत सैनिकों के लिए बने ओल्ड एज होम के उद्घाटन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस संबंध में बाणप्रस्थ आश्रम के महासचिव अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा बनाए गए पर्यटन भवन को पूर्व सैनिकों के लिए वृद्धाश्रम संचालन हेतु झारखंड सरकार द्वारा हस्तांतरित किया गया है।जिसका उद्घाटन 31 मार्च को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू द्वारा संभावित है। उद्घाटन के अवसर पर राज्यपाल द्वारा जीवन में सफलता प्राप्त करने वाली चार महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही राज्यपाल महोदया कौशल विकास केंद्र का निरीक्षण कर केंद्र की सफल छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करेंगी। राज्यपाल श्रीधर प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन कर यहां उपलब्ध प्रशिक्षण संसाधन एवं प्रशिक्षणार्थियों से रूबरू होंगी। राज्यपाल महोदया द्वारा मरदा मंदिर में पूजन एवं दर्शन का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।
ज्ञातव्य है कि गुमला जिला सेवानिवृत फौजी बहुल जिला है। जिले में बड़ी संख्या में सेवानिवृत फौजियों का निवास है। भूतपूर्व सैनिक कल्याण संगठन द्वारा सेवानिवृत फौजियों के कल्याण तथा उनके आश्रितों के निवास के लिए ओल्ड एज होम का संचालन का जाएगा। बहुत से सेवानिवृत फौजी सेवानिवृति के बाद पारिवारिक कारणों से अपने घर में नहीं रहना चाहते हैं। ऐसे सैनिकों के रहने के लिए ओल्ड एज होम बनाया गया है। वर्तमान में इस वृद्धाश्रम केंद्र में 20 लोगों के रहने की सुविधा है। इस वृद्धाश्रम में सेवानिवृत सैनिकों के साथ ही उनके असहाय परिजन, शहीद सैनिक की विधवा पत्नी भी आश्रय ले सकती है। राज्यपाल के कार्यक्रम एवं उद्घाटन समारोह की तैयारियां भूतपूर्व सैनिक कल्याण संगठन द्वारा की जा रही है।
आज उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी रायडीह मिथिलेश कुमार को भूतपूर्व सैनिक कल्याण संगठन के प्रतिनिधियों एवं प्रशिक्षण केंद्र के प्रतिनिधियों के साथ आपसी समन्वय बनाकर 31 मार्च के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की निर्देश दिया। इस अवसर पर उपायुक्त, उप विकास आयुक्त के साथ भूतपूर्व सैनिक कल्याण संगठन के महासचिव अनिरूद्ध सिंह भी उपस्थित थे।