गोड्डा: मंगलवार को ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त भोर सिंह यादव की अध्यक्षता में असंगठित श्रमिकों का ई-श्रम पोर्टल पर निबंधन के प्रभावी कार्यान्वयन हेतु जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक आहूत की गई। मौके पर उन्होंने कहा कि जिले में जितने लोगों के निबंधन का लक्ष्य है, उस लक्ष्य को समय पर हासिल करें।
उपायुक्त श्री यादव ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी से कहा कि अपने-अपने पोषक क्षेत्र के सभी असंगठित क्षेत्र के कामगारों-श्रमिकों का निबंधन कराएं। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में असंगठित मजदूरों के योग्य लाभुकों को चिन्हित कर उक्त योजना के तहत जोड़ा जाए। इसमें निर्माण मजदूर, प्रवासी मजदूर, घरेलू कामगार, कृषि व पशुपालन से जुड़े मजदूर, स्वनियोजित कामगार, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर, दूध विक्रेता आदि मजदूर जुड़ सकते हैं। शर्त है कि वे पीएफ या ईएसआई के दायरे में नहीं आते हों। निबंधन के लिए आधार, बैंक खाता तथा मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी। निबंधन के लिए दो तरीका है। पहला ई- श्रम पोर्टल के माध्यम से स्वयं निबंधन कर सकते हैं। आधार, मोबाइल नंबर बैंक खाता से लिंक होना चाहिए। दूसरा, प्रज्ञा केंद्र द्वारा निबंधन करा सकते हैं।
मौके पर श्रम अधीक्षक संजय आनंद ने इस योजना को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना में आयकर दाता एवं पीएफ धारक को छोड़कर अन्य श्रमिक ई-श्रम पोर्टल के माध्यम से स्वयं या प्रज्ञा केंद्र जाकर नि:शुल्क निबंधन करा सकते हैं। निबंधन बायोमीट्रिक सिस्टम से होगा। एक मोबाइल नंबर से अधिकतम तीन सदस्यों का पंजीकरण हो सकेगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त चंदन कुमार, सिविल सर्जन डॉ मंटू टेकरीवाल, अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा ऋतुराज, अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा जितेंद्र कुमार देव, श्रम अधीक्षक संजय आनंद, विधि शाखा प्रभारी सुजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अभय कुमार, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी उपस्थित थे।