इससे पहले भी शिक्षक ईशो सिंह को मिल चुका है राष्ट्रपति पुरस्कार
बरही से बिपिन बिहारी पाण्डेय
बरही (हजारीबाग) : बरही प्रखंड अंतर्गत रसोईया धमना छोटकी बरही निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक ईशो सिंह को सोमवार को झारखंड विधानसभा की 21 वी स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों सम्मानित किया गया। बता दें कि झारखंड सरकार के द्वारा पहले ही सभी जिलों में पत्र भेजकर राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को झारखंड विधानसभा की 21 वी स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर सम्मानित करने का फैसला लिया था। जिसमें हजारीबाग के तीन शिक्षक शामिल थे। बता दे कि ईशो सिंह मध्य विद्यालय, बेन्दगी में प्रधानाध्यापक के पद पर रहते हुए शिक्षा क्षेत्र व विद्यालय के विकास के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं। वर्ष 2009 में विज्ञान भवन नई दिल्ली में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। शिक्षक ईशो सिंह सेवानिवृत्त होने के बाद भी विभिन्न विद्यालयों में जाकर बच्चों से जुड़े रहते हैं, बच्चों के भविष्य को लेकर परस्पर चिंतित भी रहते हैं। वर्तमान में झारखंड पेंशनर कल्याण समाज एवं बुद्धिजीवी मंच में अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। वहीं सम्मानित होने पर उनके शुभचिंतकों एवं बरही के लोगों ने उन्हें बधाई दिया।