गुमलाः वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार के नियंत्रण एवं रोकथाम के मद्देनजर गुमला जिलांतर्गत विशेष साप्ताहांत गहन टीकाकरण अभियान माह के प्रत्येक साप्ताहांत आयोजित किया जा रहा है। आगामी 11, 12 एवं 13 जून 2021 को विशेष साप्ताहांत गहन टीकाकरण अभियान के द्वितीय चरण के तहत वृहत पैमाने पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा द्वारा उक्त अभियान में टीकाकरण के सतत् निगरानी के उद्देश्य से पूर्व में प्रतिनियुक्त जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों की सूची को संशोधित किया गया है।
टीकाकरण के सतत् निगरानी हेतु उपायुक्त द्वारा जारी किए गए संशोधित सूची के अनुसार गुमला सदर प्रखंड में उप विकास आयुक्त संजय बिहारी अंबष्ठ, रायडीह प्रखंड में परियोजना निदेशक आईटीडीए इंदु गुप्ता, सिसई प्रखंड में जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी, भरनो प्रखंड में भूमि सुधार उप समाहर्त्ता सुषमा नीलम सोरेंग, पालकोट प्रखंड में जिला सहकारिता पदाधिकारी कुमोद कुमार, चैनपुर प्रखंड में उप निर्वाचन पदाधिकारी महेंद्र रविदास, बसिया प्रखंड में अनुमंडल पदाधिकारी बसिया संजय पी.एम.कुजूर, कामडारा प्रखंड में जिला पंचायती राज पदाधिकारी मोनिका रानी टूटी, घाघरा एवं बिशुनपुर प्रखंड में अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता तथा नगर परिषद क्षेत्र में सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद की प्रतिनियुक्ति की गई है।
उपायुक्त द्वारा सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को दिनांक 11 जून से विशेष साप्ताहांत गहन टीकाकरण अभियान के द्वितीय चरण के दौरान अपने-अपने आवंटित क्षेत्रांतर्गत होने वाले टीकाकरण अभियान में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।