रांची: मंगलवार को रांची के रातु रोड स्थित आकाशवाणी के पास निगम के कचरा ढोने वाले बड़े लोडर ने महिला को कुचल दिया जिसमें उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। महिला बैंक की कर्मचारी बताई जाप रही है। वाहन ने महिला बैंककर्मी के शरीर को बुरी तरह से रौंद डाला। बताया जाता है कि महिला बैंककर्मी अनिमा बोदरा बैंक ऑफ बड़ौदा में काम करती थी। वह नामकुम की रहने वाली थी। सुबह वह अपने पति के साथ स्कूटी से रातू रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा ड्यूटी के लिए जा रही थी। इसी दौरान कचरा वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वह बैंक में क्लर्क थी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। बता दें कि शहर में सुबह आठ बजे तक ही कचरा उठाने का कार्य किया जाना है। इसका सख्त निर्देश दिया गया है। इसके बावजूद दोपहर तक कचरा उठाया जाता है। इसी अनदेखी के कारण आज बैंक कर्मी की जान चली गई। शहर में आज भी निगम की गाड़ी को दोपहर एक बजे कचरा उठाते हुए देखा गया।