डीएवी बरही में ऑनलाइन विज्ञान क्विज प्रतियोगिता आयोजित
संवाददाता बरही
बरही (हजारीबाग): डीएवी बरही में ऑनलाइन विज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तत्कालीन वैज्ञानिक रिसर्च, खोज और वैज्ञानिकों की जीवनी, करंट इलेक्ट्रिसिटी, रासायनिक प्रक्रिया और समीकरण तथा जीव प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इस प्रतियोगिता में पाठयक्रम पर आधारित प्रश्नों को भी शामिल किया गया। कक्षा दशम के विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। एंकर की भूमिका अनिल कुमार के द्वारा निभाई गई। जज की भूमिका में रमेश कुमार, रंजीत कुमार और संध्या सिंह की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बबली कुमारी ने (हंसराज हाउस) 20 अंकों के साथ प्राप्त किया। वहीं द्वितीय स्थान 15 अंकों के साथ हिमांशु राज (दयानंद हाउस), पलक सिंह (दयानंद हाउस), शौर्य दीप (विवेकानंद हाउस )और अंशिका चंद्रवंशी (एनडी ग्रोवर हाउस) ने प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता इंटर हाउस स्तर पर आयोजित की गई थी। जिसमें प्रथम स्थान हंसराज हाउस, दयानंद हाउस और विवेकानंद हाउस व द्वितीय स्थान पर एनडी ग्रोवर हाउस रहा। विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह ने सफल प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए कहा कि विज्ञान हमारे अंदर वैज्ञानिक सोच की भावना को बढ़ाता है। विज्ञान विषय हमें तथ्यों की प्रमाणिकता को जांच करते हुए उस पर विश्वास करना सिखाता है। वहीं कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर साल 28 फरवरी को मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन महान भौतिक विज्ञानी डॉक्टर सीवी रमन ने रमन इफेक्ट की जानकारी पूरी दुनिया को दी थी। कार्यक्रम में प्रवीण कुमार राय, प्रतीक आनंद, उमेश कुमार राणा, प्रहलाद कुमार, ममता कुमारी ने भी अपना योगदान दिया। वहीं हाउस मास्टर ममता सिंह, रमेश कुमार, रेखा सिंह और अमित चतुर्वेदी ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।