खूंटी: खूंटी जिले के दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में डबल मर्डर से सनसनी फैल गयी। एक मामला 22 वर्षीय ऑटो चालक सोमा मुण्डा की है जिसका शव पुलिस ने चालम बरटोली से बरामद किया। मामला शुक्रवार का है। मृतक के परिजनों के अनुसार सोमा मुण्डा ऑटो चलाता था इसी क्रम में गुरुवार को ऑटो लेकर मुरहु की ओर निकला था। मुरहु में अपने दोस्तों को फोन भी किया था। लेकिन गुरुवार को शाम में घर वापस नहीं आया और चालम बरटोली में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को एक अज्ञात शव होने की जानकारी स्थानीय थाना को दिया। बाद में मृतक के पास से बरामद कागजात के आधार पर सूचना अड़की थाना को दी गयी, अड़की थाना से हूंठ सीआरपीएफ को जानकारी दी गयी तब मृतक के परिजनों को पुलिस के द्वारा जानकारी मिली।
इस संबंध में डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक की हत्या धारदार हथियार से की गई है। शव की पहचान मृतक के पास से उपलब्ध कागजात के द्वारा की गई। मृतक का ऑटो और मोबाइल अब तक नहीं मिला है आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के इरादे से अज्ञात अपराधियों ने ऑटो चालक की हत्या कर दी और सबूत छुपाने की नीयत से ऑटो औ मोबाइल को गुम कर रखा है। डीएसपी ने बताया कि जल्द ही हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
वहीं दूसरा मामला खूंटी थाना क्षेत्र के महुवाटोली का है जिसमें मामूली विवाद में एक 54 वर्षीय अविवाहित महिला रतनी कुमारी की हत्या लाठी डंडे और पत्थर से कूचकर की गई। मामले में डीएसपी ने बताया कि मृतका के भाई ने थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि गांव का ही रहने वाला पड़ोसी भतीजा लखन पहान प्रतिदिन छोटी छोटी बातों को लेकर लड़ाई झगड़ा करता था और इसी क्रम में कूड़ा फेंकने और भैंस बांधने को लेकर लखन का रतनी कुमारी से कल झगड़ा हुआ। झगड़ा इतना बढ़ गया कि लखन पहान ने रतनी कुमारी पर लाठी डंडे से वार किया और बाद में फिर जान से मारने की नीयत से पत्थर से वार किया और रतनी कुमारी की मौत हो गयी। रतनी के कनपट्टी से रक्त बहने के निशान भी पाए गए हैं। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लखन पहान को गिरफ्तार कर लिया है।