सरायकेला से भाग्य सागर सिंह की रिपोर्ट
सरायकेला। सरायकेला थाना अंतर्गत कुदरसाही गांव सीमा में सरायकेला चाईबासा मुख्य सड़क से कुछ ही दूरी पर खेतों में एक लगभग 30 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गयी है। मामला सोमवार के रात की है। शव के सिरहाने खून से सना एक बड़ा पत्थर भी था जिससे लगता है पत्थर से कुचल कर उसकी हत्या कर दी गयी हो। मृतक युवक का नाम आशीष उर्फ शंभू तियू था वह एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी का पुत्र है। तथा अपना ट्रैक्टर से भवन निर्माण सामग्रियां किराये पर चलाया करता था। कुदरसाही गांव की सड़क पर उसकी बाइक पडी मिली तथा बाइक से लगभग बीस मीटर दूर पुलिस द्वारा एक गोली का खोखा भी बरामद किया गया है। कुदरसाही के कुछ ग्रामीणों के अनुसार रात को उन्होंने गोली चलने जैसी आवाज सुनी थी।
कुछ लोग घर से बाहर निकले तो देखा कि आशीष की मोटरसाइकिल सड़क पर पड़ी हुई थी। लोगों ने उनके परिवार वालों को सूचना दी ।परिवार वालों ने भी देर रात तक आशिष खोजबीन की परंतु कुछ सुराग नहीं मिला। मंगलवार की सुबह लोगों ने फिर से खोजबीन की तो मुख्य सड़क से लगभग 1000 फीट अंदर खेत में आशीष का शव पाया। इसकी सूचना पुलिस को उन्होंने दी। सरायकेला थाना के इंस्पेक्टर आलोक दुबे एवं थाना प्रभारी मनोहर कुमार घटनास्थल पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज घटना के सभी विन्दुओं पर जांच कर रहे हैं। मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों से अलग अलग पूछ ताछ की जा रही है। मृतक के परिवार वालों के अनुसार गांव के ही एक युवक से बीते दिन आशीष का झगड़ा हुआ था। हत्या कैसे हुई एवं क्यों की गई तथा किसने की ये पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।