गढ़वा: सोमवार को आजादी के 75 वीं वर्षगांठ के अवसर को अमृत महोत्सव के रूप में मनाते हुए शहीद भगत सिंह की जयंती* मनाई गई। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सत्येंद्र नारायण उपाध्याय, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, राष्ट्रीय बचत कार्यपालक पदाधिकारी कमल कुमार सिंह व जिला जनसंपर्क पदाधिकारी साकेत कुमार पांडेय के द्वारा दीप प्रज्वलित कर व शहीदे आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि आजादी के 75 वीं वर्षगांठ को आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इस महोत्सव का विशेष महत्व है क्योंकि इसी के उपलक्ष्य में आज हम भारत माता के वीर सपूत सरदार भगत सिंह की जयंती मना रहे हैं। भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों में भगत सिंह का नाम बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है। भगत सिंह बचपन से ही देशभक्ति से ओत-प्रोत थे। ब्रिटिश शासन के खिलाफ उन्होंने युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सरदार भगत सिंह का संपूर्ण जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है, उनके त्याग बलिदान से हमें सीख लेनी चाहिए। मौके पर सरदार भगत सिंह द्वारा दिए गए भाषण व उनपर फिल्माए गए वीडियो का प्रसारण कर सभी को उनकी जीवनी से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त के अलावा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, राष्ट्रीय बचत कार्यपालक पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, विभिन्न विभागों से आए पदाधिकारी व कर्मी, इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि समेत अन्य मौजूद थे।