पत्थलगडा के सिरकोल और गिद्धौर के घटेरी नदी पर पुल बनाने का किया अनुशंसा
प्रखंड व जिला मुख्यालय से जुड़ेंगे एक दर्जन से अधिक सुदूरवर्ती गांव, ग्रामीणों में हर्ष
महेंद्र कुमार यादव
चतरा: पत्थलगडा प्रखंड के नोनगांव पंचायत के सुदूरवर्ती सिरकोल की बड़की नदी और गिद्धौर प्रखंड के मंझगांवा पंचायत के घटेरी नदी पर पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए सिमरिया विधानसभा के भाजपा विधायक किशुन कुमार दास के द्वारा ग्रामीण विशेष प्रमंडल से अनुशंसा की गई है। विधायक द्वारा नदियों पर पुल निर्माण के लिए अनुशंसा किए जाने के बाद से पत्थलगड़ा और गिद्धौर के ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। इन दोनों नदियों पर पुल निर्माण ग्रामीणों की पुरानी मांग रही है। सिरकोल नदी पर पुल निर्माण के लिए ग्रामीणों ने कई बार धरना प्रदर्शन भी कर चुके हैं। नदी पर पुल निर्माण के लिए ग्रामीण कई बार मंत्री, सांसद, विधायक से लेकर आला अधिकारियों तक गुहार लगा चुके हैं। परंतु लंबे अरसे के बाद सिमरिया विधायक ने ग्रामीणों की मांग पर एक बड़ी पहल की है। इन दोनों नदियों पर पुल बनने से करीब एक दर्जन से अधिक सुदूरवर्ती गांव प्रखंड और जिला मुख्यालय से जुड़ेंगे। सिरकोल नदी पर पुल नहीं रहने के कारण बरसात के दिनों में यह गांव टापू में तब्दील हो जाता है। लगभग 4 महीने यहां के विद्यार्थियों का पठन पाठन बाधित हो जाती है। रोजमर्रा समेत सभी प्रकार के आवश्यक सेवाएं, यहां ठप हो जाती है। लोगों के जिंदगी राम भरोसे निर्भर होता है। यहां के बीमार लोगों को इलाज के लिए खटिया पर लादकर उमड़ती नदी पार करना पड़ता है। कई बार नदी में बाढ़ होने के कारण लोगों को असमय जान गवानी पड़ी है। घटेरी नदी पर पुल नहीं रहने से मंझगावां पंचायत के आधा दर्जन गांव के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ती है। बाद के दिनों में लोगों को प्रखंड मुख्यालय जाने के लिए इटखोरी प्रखंड के पीतीज भाया ब्रह्मपुर होकर जाना पड़ता है। विधायक श्री दास ने विधानसभा चुनाव के दौरान इन दोनों नदियों पर पुल बनाने का वादा किया था। नदियों पर पुल निर्माण के अनुशंसा के बाद ग्रामीणों में हर्ष है। इस कार्य के लिए पत्थलगड़ा और गिद्धौर प्रखंडवासियो ने सिमरिया विधायक किशुन कुमार दास के इस सकारात्मक पहल के प्रति आभार व्यक्त किया है।