खूंटी: खूंटी पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आज अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया था। महाशिवरात्रि और होली के त्यौहार को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निमित्त बैठक बुलाई गई। बैठक में सभी थाना के थाना प्रभारियों एवं अन्य पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि पर्व त्योहारों में विशेष सतर्कता बरतें और कार्रवाई करें साथ ही अवैध अफीम के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का भी निर्देश दिया। खूंटी एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि हाल के दिनों में नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्र से सटे रांची, सरायकेला और चाईबासा में जो नक्सली गतिविधियां घटित होती रही है इसके मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एसओपी का पालन करते हुए दो वर्ष से ज्यादा पुराने मामलों का अनुसंधान जल्द से जल्द पूर्ण करते हुए निष्पादन करने का भी निर्देश दिया।
जिले के एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि अवैध अफीम के विरुद्ध अब तक जिले के विभिन्न थानों में साढ़े आठ सौ एकड़ में लगाये गए अफीम की फसल को नष्ट किया गया। अवैध अफीम की खेतीं और तस्करी मामले में अब तक विभिन्न थानों में 13 कांड दर्ज किए गए हैं और 16 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। अवैध अफीम को लेकर खूंटी पुलिस लगातार जनसंपर्क बनाकर जन जागरूकता अभियान चला रही है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों द्वारा अवैध अफीम की खेती को लेकर सहयोग प्राप्त हो रहा है और उसी आधार पर अफीम विनष्टीकरण का काम भी किया जा रहा है। मीडिया के माध्यम से एसपी ने अपील की है कि अवैध अफीम के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगा इसमें आम जनता का सहयोग अपेक्षित है।