बोकारो से जय सिन्हा
बोकारो: टीकाकरण कार्य में गति लाने एवं ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने प्रत्येक सप्ताह के शुक्रवार, शनिवार एवं रविवार को विशेष सप्ताहांत गहन टीकाकरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में रविवार को तीसरे और आखिरी दिन भी जिले में विशेष सप्ताहांत गहन टीकाकरण अभियान का संचालन किया गया। उपायुक्त के निर्देश पर जिला मुख्यालय समेत सभी 9 प्रखंडो में अभियान के तहत टीकाकरण कार्य किया गया। 45 प्लस लोगों को टीका लगाया गया। साथ ही उन्हें कोविड 19 अनुकुल व्यवहार का आगे भी पालन करने को कहा गया है।
उपायुक्त ने अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों को कोविड टीकाकरण के लिए आम लोगों को जागरूक करने को कहा। कहा कि अगले हफ्ते 11 जून से फिर विशेष सप्ताहांत गहन टीकाकरण अभियान पुनः तीन दिनों तक चलेगा। इस सप्ताह जहां जो कमी रह गई, उसे दुरूस्त करते हुए पूरे उर्जा के साथ हमें अगले हफ्ते टीकाकरण अभियान को गति देनी है। लोगों को विशेषकर ग्रामीण/विस्थापित क्षेत्र एवं दूर – दराज को बताएं कि टीकाकरण ही कोरोना संक्रमण से बचाव का एक मात्र उपाए है। इसलिए टीकाकरण अभियान में हिस्सा लें और अपने और अपने परिवार को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित करें। इस कार्य में अभी से सभी को जुटने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रथम विशेष सप्ताहांत गहन टीकाकरण अभियान के सफल संचालन को लेकर इससे संबंधित सभी अधिकारियों को बधाई दी।
विशेष सप्ताहांत कोविड 19 गहन टीकाकरण अभियान के सफल संचालन में प्रखंड व जिला स्तरीय अधिकारियों ने पूरी टीम के तरह काम किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी जिले से विभिन्न प्रखंडों के लिए प्रतिनियुक्त वरीय अधिकारियों ने अभियान के संचालन और इसके उद्देश्य को पूरा करने के लिए लगातार जुटे रहे। समय – समय पर मार्ग दर्शन देकर अभियान के प्रदर्शन में सुधार लाया।