गोड्डा: खेल जगत ने सोमवार को फ्लाइंग सिख के नाम से विश्व में मशहूर महान धावक पद्मश्री मिल्खा सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार की अगुवाई में स्थानीय गांधी मैदान स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल जिला कुश्ती संघ एवं हॉकी गोड्डा के सचिव सुरजीत झा, जिला टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सह डॉन बोस्को स्कूल निदेशक अमित राय, बैडमिंटन संघ के कोच सौरभ कुमार, प्रसिद्ध शटलर रानू राणा, कैरम क्वीन काव्यश्री, जिला कैरम संघ उपाध्यक्ष विपिन चंद्र दुबे, आशुतोष झा एवं संयुक्त सचिव सुभाष चन्द्र दास ने दो मिनट का मौन रखकर उड़न सिख को अपनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का संचालन सुरजीत झा ने किया।
इसके पूर्व अपने संबोधन में डीएसओ श्री कुमार ने स्व मिल्खा सिंह के जीवन संघर्ष को रेखांकित करते हुए देश के लिए उनकी उपलब्धियों पर सिलसिलेवार ढंग से प्रकाश डाला। उन्होंने उम्मीद जताई कि आसन्न ओलम्पिक के दौरान हमारे एथलीट एथलेटिक्स में स्वर्ण हासिल कर उनके अधूरे ख्वाहिश को पूरा करेंगे जो उनके प्रति देश की सच्ची श्रद्धांजलि होगी। संचालक श्री झा ने कहा कि मिल्खा सिंह ने साबित कर दिखाया कि इतिहास सिर्फ कलम से ही नहीं बल्कि कदम से भी लिखी जा सकती है। अमित राय ने मिल्खा सिंह के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि देश हमेशा उनको याद रखेगा और उनका ऋणी रहेगा।