सिमरिया(चतरा)। सिमरिया प्रखंड के सबानो मैदान में तैलिक साहू समाज का प्रखंड सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन बड़कागांव विधायक अम्बा प्रसाद ने वीर भामाशाह के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजक दल ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए अम्बा प्रसाद ने कहा कि वीर भामाशाह के बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। हमारे समाज के लोग विभिन्न क्षेत्रों में अपना योगदान दे रहे हैं। जनसंख्या के अनुरूप देश के अर्थव्यवस्था में हमारे समाज का योगदान सबसे अधिक है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने समाज में दहेज जैसे कुप्रथा को समाप्त करने एवं नशा उन्मूलन के लिये समाज के लोगों से आगे बढ़कर काम करने की अपील की। वहीं सम्मेलन में लोगों ने अम्बा प्रसाद को झारखंड सरकार के मंत्री मंडल में शामिल करने की मांग झारखंड सरकार से किया। सम्मेलन को कोडरमा जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, हजारीबाग जिप अध्यक्ष सुशीला देवी, कटकमदाग जिप सदस्य प्रियंका कुमारी, टंडवा जिप सदस्य दुलारचंद साहू, पूर्व जिप उपाध्यक्ष देवनंदन साहू, मुखिया कृष्णा साहू, लखन साव व सेवा साव आदि ने भी संबोधित किया।