मयूरहंड(चतरा)। चार दिन पूर्व मयूरहंड थाना क्षेत्र के महेशा जंगल से बरामद अज्ञात युवती के अध जले शव की पहचान पुलिस ने करते हुए हत्या में शामिल युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है। युवती की पहचान रामगढ़ जिले के घाटो थाना क्षेत्र अंतर्गत बडगांव निवासी फुलचंद महंतो की 20 वर्षीय पुत्री संगीता कुशवाहा के रुप हुई है। शनिवार को घटना के संबंध में डीएसपी मुख्यालय केदार राम ने बताया कि युवती के हत्या में संलिप्त बिक्रम कुमार मेहता थाना क्षेत्र के ढेबादेरी निवासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवक के अनुसार संगीता से साढ़े तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। संगीता रामगढ़ के वृंदावन होस्पिटल में नर्स के रुप में कार्यरत थी। जब संगीता को पता चला कि बिक्रम ने दुसरी लड़की से शादी कर ली है, तो उसने बिक्रम से संपर्क किया और 19 जुलाई को खुद चलकर हजारीबाग जिला के सरैया तक आई। वहां उसकी मुलाकात अभियुक्त से हुई और दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि अभियुक्त ने दुपट्टा से गला दबाकर संगीता की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए महेशा जंगल रात में लाकर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दिया। जिसमें युवती का शरीर आधा से ज्यादा जल गया। जिससे शव की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। थाना प्रभारी कौशल कुमार सिंह ने बताया कि एसपी व वरिय पुलिस पदाधिकारियों के दिशा निर्देशन में विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए चार दिनों के अंदर युवती की पहचान करने के साथ हत्या में शामिल युवक को गिरफ्तार कर मामले का उद्भेदन कर लिया गया।